भोपाल। एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशवासियों से ईंधन बचाने और सादगी अपनाने की अपील कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर मध्यप्रदेश में बीजेपी नेताओं के भव्य काफिले सुर्खियों में हैं। मप्र पाठ्यपुस्तक निगम के नवनियुक्त अध्यक्ष सौभाग्य सिंह ठाकुर सोमवार को उज्जैन से करीब 200 से अधिक गाड़ियों के काफिले के साथ भोपाल पहुंचे। इस दौरान कई इलाकों में भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई।
उज्जैन–भोपाल हाईवे पर घंटों जाम
सौभाग्य सिंह ठाकुर के लंबे काफिले के कारण उज्जैन से भोपाल तक हाईवे पर कई स्थानों पर यातायात बाधित रहा। भीषण गर्मी में लोग घंटों जाम में फंसे रहे। बच्चों, बुजुर्गों और यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ा।
बीजेपी कार्यालय में कार्यक्रम, सड़क पर अफरा-तफरी
भोपाल पहुंचने के बाद सौभाग्य सिंह ठाकुर ने बीजेपी प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी के साथ पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया।
इस दौरान शहर की प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव लगातार बढ़ता गया।
भोपाल के इन इलाकों में ट्रैफिक रहा धीमा
काफिले के कारण बोर्ड ऑफिस चौराहा, डीबी मॉल और अरेरा हिल्स जैसे व्यस्त इलाकों में ट्रैफिक की रफ्तार थम गई। बताया जा रहा है कि काफिले की कुछ गाड़ियों की अन्य वाहनों से हल्की टक्कर भी हुई। ट्रैफिक पुलिस को हालात संभालने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
ईंधन बचाने की PM की अपील
10 मई को हैदराबाद में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक हालात और इजराइल–ईरान तनाव का जिक्र करते हुए देशवासियों से ईंधन बचाने की अपील की थी। उन्होंने गैरजरूरी यात्राओं से बचने, सार्वजनिक परिवहन अपनाने और सादगीपूर्ण जीवनशैली पर जोर दिया था।
CM मोहन यादव की नसीहत भी नजरअंदाज
इधर ने भी कैबिनेट बैठक में मंत्रियों से प्रधानमंत्री की अपील को जन-जन तक पहुंचाने की बात कही थी। हालांकि, बीजेपी नेताओं के इस शक्ति प्रदर्शन से यह साफ हो गया कि पीएम और सीएम की अपील का ज़मीनी स्तर पर खास असर दिखाई नहीं दे रहा है।