ऑल इंडिया केमिस्ट एसोसिएशन के आह्वान पर 20 मई बुधवार को देशभर में केमिस्ट बंद रहेगा। इस बंद में मध्यप्रदेश के करीब 41 हजार केमिस्ट भी शामिल होंगे। केमिस्ट संगठनों ने ऑनलाइन दवा बिक्री और भारी डिस्काउंट पर रोक लगाने की मांग को लेकर यह फैसला लिया है।
ऑनलाइन दवा बिक्री के खिलाफ विरोध
केमिस्ट संगठनों का आरोप है कि ई-फार्मेसी कंपनियां भारी छूट देकर ऑफलाइन मेडिकल स्टोर्स का कारोबार प्रभावित कर रही हैं। संगठनों का कहना है कि कई प्रतिबंधित दवाएं भी ऑनलाइन बेची जा रही हैं, जो मरीजों की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकती हैं। इन्हीं मांगों को लेकर देशभर के 12 लाख से अधिक केमिस्ट 20 मई को अपनी दुकानें बंद रखेंगे।
मध्यप्रदेश में भी सभी दवा दुकानें रहेंगी बंद
मध्यप्रदेश केमिस्ट एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी राजीव सिंघल ने कहा कि सरकार से लगातार ऑनलाइन दवा बिक्री पर रोक लगाने और भारी डिस्काउंट बंद करने की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि मजबूरन केमिस्ट संगठनों को बंद का रास्ता अपनाना पड़ रहा है।
मरीजों से पहले दवाएं लेने की अपील
केमिस्ट संगठनों ने लोगों से अपील की है कि वे अपनी जरूरी और नियमित दवाएं पहले से खरीद लें ताकि किसी परेशानी का सामना न करना पड़े। हालांकि आपातकालीन दवाओं के लिए अस्पतालों के अंदर स्थित मेडिकल स्टोर और पीएम जनऔषधि केंद्र खुले रहेंगे।