ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में आज देशभर में केमिस्ट और फार्मासिस्ट हड़ताल पर हैं। ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट के आह्वान पर 20 मई को सामूहिक बंद का ऐलान किया गया है। मध्यप्रदेश में भी 41 हजार से ज्यादा मेडिकल स्टोर बंद रहेंगे। रिटेल और थोक दवा व्यापारी दोनों इस बंद में शामिल हैं।
देशभर में 12 लाख से ज्यादा केमिस्ट हड़ताल पर
देशभर के करीब 12 लाख 40 हजार केमिस्ट, फार्मासिस्ट और दवा वितरक आज हड़ताल कर रहे हैं। संगठन का आरोप है कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर बिना प्रिस्क्रिप्शन के दवाओं की बिक्री हो रही है, जिससे मरीजों की स्वास्थ्य सुरक्षा खतरे में पड़ रही है। केमिस्ट संगठनों का कहना है कि भारी डिस्काउंट के जरिए ई-फार्मेसी कंपनियां पारंपरिक मेडिकल स्टोरों के कारोबार को प्रभावित कर रही हैं।
मरीजों को हो सकती है परेशानी
मध्य प्रदेश फार्मासिस्ट एसोसिएशन के अनुसार प्रदेश में रिटेल और थोक दवा व्यापारी इस बंद में पूरी तरह शामिल हैं। ऐसे में आज पूरे दिन मेडिकल स्टोर बंद रहने से आम लोगों और मरीजों को दवा खरीदने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
ऑनलाइन दवा बिक्री पर सख्ती की मांग
केमिस्ट संगठनों की मांग है कि ऑनलाइन दवा बिक्री पर सख्त नियम लागू किए जाएं और बिना डॉक्टर की पर्ची के दवाओं की बिक्री पर रोक लगाई जाए। संगठनों का कहना है कि मरीजों की सुरक्षा और दवा कारोबार की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सरकार को जल्द कदम उठाने चाहिए।