भोपाल। दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर चुनावी तैयारियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार को मध्यप्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने दतिया कलेक्टर को आवश्यक दिशा-निर्देशों के साथ पत्र भेजा। पत्र मिलते ही कलेक्टर ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जिले के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक बुलाने के आदेश जारी कर दिए। खास बात यह रही कि दोनों आदेश एक ही दिन में जारी हुए।
चुनाव आयोग के निर्देश पर शुरू हुई प्रक्रिया
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा भेजे गए पत्र में उपचुनाव से जुड़ी प्रारंभिक प्रशासनिक तैयारियों, समन्वय और आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर निर्देश दिए गए हैं। यह पत्र मिलते ही जिला प्रशासन ने चुनाव प्रक्रिया को औपचारिक रूप से आगे बढ़ाना शुरू कर दिया।
कलेक्टर ने राजनीतिक दलों के साथ समन्वय बैठक बुलाई
कलेक्टर कार्यालय की ओर से जारी पत्र में जिले में सक्रिय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को बैठक में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। बैठक में आदर्श आचार संहिता, चुनावी तैयारियों, मतदाता सुविधाओं और प्रशासनिक समन्वय जैसे विषयों पर चर्चा प्रस्तावित है।
उपचुनाव को लेकर प्रशासन अलर्ट
एक ही दिन में दोनों स्तरों पर आदेश जारी होना इस बात का संकेत है कि और जिला प्रशासन उपचुनाव को लेकर पूरी तरह सतर्क हैं। आने वाले दिनों में मतदाता सूची, ईवीएम से जुड़ी प्रक्रियाएं और अन्य चुनावी गतिविधियां भी तेज होने की संभावना है।