इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में धार रोड स्थित प्लास्टिक का दाना बनाने वाली फैक्ट्री में शनिवार सुबह भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कई किलोमीटर दूर तक काला धुआं और गुबार दिखाई देने लगा। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास का क्षेत्र खाली कराया गया। फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां लगातार आग बुझाने में जुटी हैं, लेकिन खबर लिखे जाने तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका था।
प्लास्टिक दाना फैक्ट्री में लगी भीषण आग
जानकारी के मुताबिक धार रोड स्थित डीयू ड्रॉप एरिगेशन फैक्ट्री में सुबह करीब 7 बजे आग लगी। फैक्ट्री में प्लास्टिक का दाना बड़ी मात्रा में रखा हुआ था, जिसकी वजह से आग तेजी से फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। आग बुझाने के लिए पोकलेन मशीन और फायर फाइटिंग रोबोट भी मंगाया गया।
35 टैंकर पानी के बाद भी आग पर पूरी तरह काबू नहीं
दमकल विभाग की 7 गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं और लगातार आग बुझाने का प्रयास कर रही हैं। अब तक करीब 35 टैंकर पानी इस्तेमाल किया जा चुका है। RRCAT के डिप्टी फायर ऑफिसर अजय कुमार ने बताया कि इलाके में पानी के पर्याप्त स्रोत नहीं होने के कारण परेशानी आ रही है। दूसरे टैंकरों से पानी मंगाकर दमकल वाहनों को भरा जा रहा है।
टीन शेड हटाकर अंदर पहुंचने की कोशिश
फायर कर्मियों के मुताबिक फैक्ट्री के अंदर अभी सीधे प्रवेश करना संभव नहीं है। फैक्ट्री के ऊपर लगा टीन शेड हटाकर आग तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। दमकल कर्मचारियों का कहना है कि आग पर पूरी तरह काबू पाने में अभी दो से तीन घंटे और लग सकते हैं।
आसपास का इलाका खाली कराया गया
एहतियात के तौर पर प्रशासन ने आसपास का क्षेत्र खाली करा दिया है ताकि किसी तरह की जनहानि न हो। मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। प्राथमिक जानकारी के मुताबिक फैक्ट्री में रखा बड़ा सामान जलकर खाक हो गया है, हालांकि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
डीपी में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
फैक्ट्री संचालक मोहम्मद जावेद कुरैशी ने बताया कि फैक्ट्री परिसर में लगी डीपी में शॉर्ट सर्किट के बाद आग लगी, जिसने देखते ही देखते पूरी फैक्ट्री को चपेट में ले लिया। उन्होंने बताया कि अमावस्या होने के कारण शनिवार को फैक्ट्री में मजदूर नहीं आए थे, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। फैक्ट्री में आमतौर पर 30 से 35 लोग काम करते हैं।
फोम का भी इस्तेमाल किया गया
नगर निगम कमिश्नर क्षितिज सिंघल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए पानी के साथ फोम का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने फैक्ट्री मालिकों से अपील की कि सभी उद्योगों में आग से निपटने के पर्याप्त इंतजाम होने चाहिए।