उज्जैन: विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान महाकालेश्वर के दरबार में बुधवार शाम क्रिकेटर्स का जमावड़ा लगा। भारतीय क्रिकेटर ईशांत शर्मा समेत दिल्ली क्रिकेट से जुड़े कई खिलाड़ियों ने बाबा महाकाल के दर्शन किए और संध्याकालीन आरती में शामिल होकर आशीर्वाद लिया। नंदी हॉल में आरती के दौरान सभी खिलाड़ी भक्ति में लीन नजर आए। दर्शन के बाद ईशांत शर्मा ने मंदिर की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि यहां आरती के दौरान ऐसा महसूस होता है, मानो साक्षात महाकाल विराजमान हों।
ईशांत शर्मा बोले- यहां आकर बहुत अच्छा लगा
बाबा महाकाल के दर्शन के बाद ईशांत शर्मा ने मीडिया से बातचीत की। उन्होंने कहा कि उज्जैन आकर उन्हें बहुत अच्छा लगा। उन्होंने मंदिर प्रशासन की व्यवस्थाओं की तारीफ की और सभी का आभार जताया।ईशांत ने श्रद्धालुओं से भी अपील की कि वे उज्जैन आएं और बाबा महाकाल के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त करें।
ईशांत के साथ इन क्रिकेटर्स ने भी किए दर्शन
ईशांत शर्मा के साथ दिल्ली क्रिकेट से जुड़े कई खिलाड़ी भी बाबा महाकाल के दरबार पहुंचे। इनमें प्रियांश आर्य, विजय दहिया, दिग्वेश राठी, सुयश शर्मा, मयंक रावत, यश धुल, अनुज रावत, केशव दबास और मयंक यादव शामिल रहे।सभी खिलाड़ियों ने भगवान महाकालेश्वर के दर्शन किए और संध्याकालीन आरती में हिस्सा लिया।
मंदिर प्रशासन ने किया खिलाड़ियों का स्वागत
क्रिकेटर्स के उज्जैन पहुंचने पर मंदिर प्रशासन और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने उनसे शिष्टाचार भेंट की।इस दौरान कलेक्टर एवं श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष रोशन कुमार सिंह, प्रशासक एवं अपर कलेक्टर प्रथम कौशिक, एसपी प्रदीप शर्मा और नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा मौजूद रहे।
संध्याकालीन आरती में भक्ति में डूबे नजर आए खिलाड़ी
बाबा महाकाल की संध्या आरती के दौरान क्रिकेटर्स नंदी हॉल में मौजूद रहे। आरती और मंदिर की आध्यात्मिक अनुभूति से खिलाड़ी काफी प्रभावित नजर आए।