जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में सोमवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। बरेला स्थित नागा घाटी और शारदा मंदिर रोड पर पांच वाहन आपस में टकरा गए। हादसा इतना भीषण था कि कई वाहनों के परखच्चे उड़ गए और कई लोग अंदर फंस गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेज रफ्तार और ढलान के बाद सड़क सपाट होने के कारण वाहन अचानक अनियंत्रित हो गए और एक के बाद एक टक्कर होती चली गई। हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को वाहनों से बाहर निकाला।
मौके पर पहुंची पुलिस और एंबुलेंस
घटना की सूचना मिलते ही बरेला पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया। बताया जा रहा है कि कई लोगों को गंभीर चोटें आई हैं और उनका इलाज जारी है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया। हादसे के बाद कुछ समय तक इलाके में लंबा जाम भी लगा रहा।
नागा घाटी में पहले भी हो चुके हैं हादसे
स्थानीय लोगों का कहना है कि नागा घाटी और शारदा मंदिर रोड लंबे समय से हादसों का केंद्र बना हुआ है। घाटी से नीचे उतरते समय भारी वाहनों के ब्रेक कई बार जवाब दे देते हैं, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर टकरा जाते हैं। क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि इस खतरनाक मार्ग को लेकर प्रशासन और पुलिस को कई बार शिकायत दी गई, लेकिन अब तक सड़क सुरक्षा को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
“मौत का प्वाइंट” बन चुका है यह इलाका
लगातार हो रहे हादसों के कारण स्थानीय लोग अब इस क्षेत्र को “मौत का प्वाइंट” कहने लगे हैं। लोगों का कहना है कि सड़क पर पर्याप्त सुरक्षा संकेतक, स्पीड कंट्रोल सिस्टम और बैरिकेडिंग की कमी है, जिसकी वजह से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क सुरक्षा के लिए तत्काल प्रभाव से सुधार कार्य शुरू किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।