मध्यप्रदेश के खजुराहो को जल्द ही स्वास्थ्य और कौशल विकास के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिलने जा रही है। खजुराहो में 15 करोड़ रुपये की लागत से 50 बिस्तरों वाले आधुनिक आयुष वेलनेस सेंटर की स्थापना को मंजूरी मिल गई है। इसके साथ ही युवाओं के स्किल डेवलपमेंट के लिए इलिट (ईएलआईटी) शिक्षण संस्थान को भी हरी झंडी दे दी गई है।
आयुर्वेद और योग का अंतरराष्ट्रीय केंद्र बनेगा खजुराहो
क्षेत्रीय सांसद और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने बताया कि यह वेलनेस सेंटर स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों के लिए आयुर्वेद, योग और प्राकृतिक चिकित्सा का इंटरनेशनल हब बनेगा। उन्होंने कहा कि इससे खजुराहो की वैश्विक पहचान मजबूत होगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
पंचकर्म और नेचुरोपैथी सुविधाओं से लैस होगा सेंटर
आधुनिक आयुष वेलनेस सेंटर में पंचकर्म और नेचुरोपैथी जैसी विशेष सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इस सेंटर का संचालन राष्ट्रीय आयुष मिशन और मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग संयुक्त रूप से करेंगे।
26-27 मई को खजुराहो में होगी बड़ी बैठक
वीडी शर्मा ने बताया कि 26 और 27 मई को आयुष मंत्रालय की संसदीय स्टैंडिंग कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक खजुराहो में आयोजित की जाएगी। इस बैठक में केंद्रीय आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव, देशभर के सांसद और कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर होगा भव्य कार्यक्रम
उन्होंने बताया कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर खजुराहो में 25वें काउंटडाउन कार्यक्रम का भव्य आयोजन भी किया जाएगा। इस आयोजन के जरिए खजुराहो को वैश्विक योग और वेलनेस डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की तैयारी की जा रही है।