मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 13 मई को गोटेगांव से मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना की अगली किस्त जारी करेंगे। इस दौरान प्रदेश की 1.25 करोड़ से अधिक महिलाओं के खातों में राशि ट्रांसफर की जाएगी।
1835 करोड़ रुपये होंगे ट्रांसफर
योजना के तहत 1 करोड़ 25 लाख 22 हजार 542 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 1,835 करोड़ 67 लाख रुपये से अधिक की राशि सिंगल क्लिक के जरिए DBT माध्यम से भेजी जाएगी। यह योजना की 36वीं मासिक किस्त होगी।
जून 2023 में हुई थी योजना की शुरुआत
लाडली बहना योजना जून 2023 में शुरू की गई थी। अप्रैल 2026 तक महिलाओं के खातों में 35 किस्तें ट्रांसफर की जा चुकी हैं। अब तक कुल 55,926.51 करोड़ रुपये सीधे हितग्राहियों के खातों में भेजे जा चुके हैं।
1000 रुपये से बढ़कर 1500 रुपये हुई राशि
योजना की शुरुआत 1000 रुपये प्रतिमाह से हुई थी। बाद में इसे बढ़ाकर 1250 रुपये और फिर नवंबर 2025 में 1500 रुपये प्रतिमाह कर दिया गया। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भविष्य में इसे 3000 रुपये तक बढ़ाने का आश्वासन भी दिया है।
हर वर्ग की महिलाओं को मिल रहा लाभ
यह योजना ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की महिलाओं, आदिवासी, तलाकशुदा, परित्यक्त और कल्याणी महिलाओं तक पहुंच रही है। आधार लिंक्ड बैंक खातों के जरिए राशि सीधे ट्रांसफर होने से प्रक्रिया पारदर्शी बनी हुई है।
बजट में भी हुआ बड़ा प्रावधान
राज्य सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए इस योजना हेतु 23,882.81 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया है, जिससे महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को और मजबूती मिलेगी।