मध्यप्रदेश में भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। सूरज आग उगल रहा है और दिन के समय लू के थपेड़े लोगों को परेशान कर रहे हैं। मंगलवार को छतरपुर जिले के दो शहर—नौगांव और खजुराहो—प्रदेश के सबसे गर्म इलाके रहे। नौगांव में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि खजुराहो में 46.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस सीजन में पहली बार अधिकतम तापमान 47 डिग्री तक पहुंचा है।
मौसम विभाग (IMD) ने अगले चार दिनों तक प्रदेश में हीटवेव यानी लू चलने की चेतावनी जारी की है। मंगलवार को मध्यप्रदेश के 22 शहरों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। नौगांव और खजुराहो के बाद दतिया तीसरा सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
कई शहरों में 44 से 46 डिग्री के बीच तापमान
राजगढ़ में 45.6 डिग्री, दमोह में 45.5 डिग्री, शाजापुर, टीकमगढ़, गुना और सागर में 45.2 डिग्री, सतना में 45.1 डिग्री, मुरैना, शहडोल, रायसेन, रीवा और श्योपुर में 45 डिग्री, मंडला में 44.6 डिग्री, उमरिया में 44.5 डिग्री, खरगोन में 44.4 डिग्री और रतलाम में 44.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। खंडवा में पारा 44.1 डिग्री तक पहुंच गया।
बड़े शहरों में भी गर्मी का कहर
प्रदेश के प्रमुख शहरों की बात करें तो ग्वालियर में पहली बार इस सीजन में तापमान 45 डिग्री दर्ज किया गया। भोपाल में 44.2 डिग्री, इंदौर में 43.7 डिग्री, उज्जैन में 43.8 डिग्री और जबलपुर में 44.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। भोपाल में इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा।