मध्यप्रदेश में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है और कई जिलों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है और अधिकतर क्षेत्रों में तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर रही हैं।
रतलाम सबसे गर्म जिला
प्रदेश में रतलाम सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा बड़वानी के तालुन में 43.5 डिग्री, उज्जैन, धार और अमरकंटक में 42 डिग्री से अधिक तापमान रिकॉर्ड किया गया। खरगोन और खंडवा में भी पारा 42 डिग्री के आसपास रहा।
कुछ जिलों में हल्की बारिश
पिछले 24 घंटों में सागर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि बाकी जिलों में मौसम साफ और शुष्क रहा। रीवा संभाग में रात का तापमान सामान्य से 3.5 डिग्री तक कम दर्ज किया गया। वहीं ग्वालियर, जबलपुर, शहडोल और चंबल संभाग में भी न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रहा।
पचमढ़ी में सबसे ठंडा तापमान
प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस पचमढ़ी (नर्मदापुरम) में रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा कटनी के करौंदी में 20.9 डिग्री, अमरकंटक में 21.2 डिग्री और सिवनी में 22.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
झाबुआ और रतलाम में लू का अलर्ट
मौसम विभाग ने झाबुआ और रतलाम जिलों में लू चलने का अलर्ट जारी किया है। लोगों को दोपहर के समय तेज धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने और आवश्यक होने पर ही बाहर निकलने की सलाह दी गई है।
अगले 24 घंटे मौसम कैसा रहेगा
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और ऊपरी हवा के चक्रवाती प्रभाव के बावजूद अगले 24 घंटे में पूरे मध्यप्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा। बारिश की संभावना फिलहाल नहीं है।
अगले तीन दिन का पूर्वानुमान
13 मई: सभी जिलों में शुष्क मौसम, कई जिलों में हीटवेव अलर्ट
14 मई: पूरे प्रदेश में गर्म और शुष्क मौसम, कई जिलों में लू का अलर्ट
15 मई: मौसम शुष्क रहेगा, कई जिलों में तेज गर्मी और लू की स्थिति बनी रहेगी
प्रदेश में लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और गर्म हवाओं से बचाव करने की सलाह दी है।