भोपाल - मध्य प्रदेश ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के क्रियान्वयन में देशभर में शानदार प्रदर्शन करते हुए नई उपलब्धि हासिल की है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार हर जरूरतमंद परिवार को पक्का घर उपलब्ध कराने के संकल्प के साथ लगातार काम कर रही है। इसी का परिणाम है कि प्रदेश में 10 लाख से अधिक आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं और मध्य प्रदेश देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो गया है।
98 फीसदी आवासों की ग्राउंडिंग पूरी
नगरीय विकास एवं आवास विभाग के आयुक्त संकेत भोंडवे ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत मध्य प्रदेश ने 98.04 प्रतिशत आवासों कीग्राउंडिंग पूरी कर देश में पहला स्थान हासिल किया है। उन्होंने बताया कि 9 लाख से अधिक आवासों का निर्माण पूरा कर पात्र हितग्राहियों को सौंपा जा चुका है। यह उपलब्धि बेहतर मॉनिटरिंग, समयबद्ध कार्यप्रणाली और प्रभावी क्रियान्वयन का नतीजा मानी जा रही है।
लाखों परिवारों का सपना हुआ पूरा
सरकार का कहना है कि योजना के जरिए हजारों परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराए गए हैं। इससे न केवल लोगों का जीवन स्तर बेहतर हुआ है, बल्कि सामाजिक सुरक्षा और सम्मान भी बढ़ा है। योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, निम्न आय वर्ग और मध्यम आय वर्ग के परिवारों को आर्थिक सहायता देकर पक्के मकान उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
मूलभूत सुविधाओं पर भी फोकस
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत बनाए जा रहे घरों में बिजली, पानी और अन्य जरूरी सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। राज्य सरकार का कहना है कि शहरी क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विकास के साथ रोजगार सृजन और सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण को भी बढ़ावा मिला है।
आगे भी जारी रहेंगे प्रयास
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सरकार भविष्य में भी योजना के प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन के लिए लगातार प्रयास करती रहेगी। राज्य सरकार कालक्ष्य है कि हर पात्र शहरी परिवार को समय पर योजना का लाभ मिल सके और कोई भी जरूरतमंद परिवार पक्के घर से वंचित न रहे।