मध्यप्रदेश में इस समय मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। कुछ इलाकों में जहां तेज गर्मी लोगों को परेशान कर रही है, वहीं कई जिलों में आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार अगले 24 घंटों में प्रदेश के 8 से अधिक शहरों में तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
खंडवा, छिंदवाड़ा, अनूपपुर सहित कई जिलों में इसका असर देखने को मिल सकता है। वहीं 12 मई से मौसम के पूरी तरह शुष्क रहने और लू चलने की संभावना जताई गई है।
उज्जैन और धार में तापमान 40 डिग्री के पार
प्रदेश में गर्मी का असर लगातार बढ़ रहा है। रतलाम में अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस समय प्रदेश में सबसे अधिक है। इसके अलावा उज्जैन और धार सहित कई शहरों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है।
प्रदेश के कुल 11 शहरों में तापमान 40 डिग्री के पार बना हुआ है, जिससे भीषण गर्मी का असर साफ दिखाई दे रहा है।
इन शहरों में आंधी और बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, सागर और पांढुर्णा जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना है।इन क्षेत्रों में अचानक मौसम बदल सकता है और कुछ जगहों पर बौछारें भी पड़ सकती हैं।
प्रदेश के सबसे गर्म शहर
रतलाम – 45.5°C
उज्जैन, धार – 42.4°C
खंडवा – 42.1°C
इंदौर – 41.9°C
रायसेन – 41°C
मौसम विभाग ने लोगों को तेज गर्मी और संभावित लू से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी है। 12 मई के बाद प्रदेश में लू का असर और तेज होने की संभावना जताई गई है।