विजयवाड़ा: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विजयवाड़ा के विवांता ताज होटल में आज सुप्रसिद्ध अभिनेता विजय देवरकोंडा और अभिनेत्री रश्मिका मंदाना से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने दोनों कलाकारों को मध्यप्रदेश की फिल्म-फ्रेंडली नीतियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश फिल्म शूटिंग के क्षेत्र में देश के प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है।
विजयवाड़ा में हुई सौजन्य भेंट
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर मुलाकात की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि विजयवाड़ा प्रवास के दौरान अभिनेता विजय देवरकोंडा और अभिनेत्री रश्मिका मंदाना से उनकी मुलाकात हुई।इस मुलाकात के दौरान मध्यप्रदेश में फिल्म निर्माण की संभावनाओं और प्रदेश में उपलब्ध फिल्म शूटिंग से जुड़ी सुविधाओं को लेकर चर्चा की गई।
मध्यप्रदेश की फिल्म-फ्रेंडली नीतियों की दी जानकारी
मुख्यमंत्री ने दोनों कलाकारों को मध्यप्रदेश सरकार की फिल्म-फ्रेंडली नीतियों से अवगत कराया। सरकार का उद्देश्य प्रदेश में फिल्म शूटिंग को प्रोत्साहित करना और मध्यप्रदेश को फिल्म निर्माताओं के लिए एक आकर्षक गंतव्य के रूप में विकसित करना है।मध्यप्रदेश में प्राकृतिक सुंदरता, ऐतिहासिक धरोहरों और विविध पर्यटन स्थलों के चलते फिल्म शूटिंग की व्यापक संभावनाएं हैं। फिल्म निर्माण को बढ़ावा मिलने से प्रदेश में पर्यटन और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसरों को भी प्रोत्साहन मिल सकता है।