मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच ने सहायक ग्रेड-III भर्ती में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग यानी EWS के उम्मीदवारों को बड़ी राहत दी है। कोर्ट ने निर्देश दिया है कि 45 वर्ष तक की आयु वाले EWS अभ्यर्थियों के आवेदन स्वीकार किए जाएं।यह आदेश जस्टिस आनंद पाठक और जस्टिस बीपी शर्मा की बेंच ने मामले की सुनवाई के दौरान दिया।
1174 पदों पर चल रही है भर्ती
जबलपुर स्थित मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की मुख्यपीठ में सहायक ग्रेड-III के 1174 पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है। भर्ती विज्ञापन में सामान्य और EWS वर्ग के पुरुष अभ्यर्थियों के लिए अधिकतम आयु सीमा 40 वर्ष निर्धारित की गई थी।वहीं SC, ST और OBC वर्ग के उम्मीदवारों को 45 वर्ष तक आवेदन करने की अनुमति थी। EWS उम्मीदवारों को समान आयु सीमा में छूट नहीं मिलने को लेकर हाईकोर्ट में चुनौती दी गई थी।
आवेदन की अंतिम तारीख भी बढ़ी
मामले की तात्कालिकता को देखते हुए हाईकोर्ट ने 16 सितंबर को 45 वर्ष तक के EWS उम्मीदवारों के आवेदन स्वीकार करने के निर्देश दिए हैं।इसके साथ ही भर्ती के ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तारीख भी बढ़ा दी गई है। पहले आवेदन की आखिरी तारीख 15 सितंबर 2026 थी, जिसे अब बढ़ाकर 30 सितंबर 2026 कर दिया गया है।
अब किस वर्ग के लिए कितनी आयु सीमा?
सामान्य वर्ग: अधिकतम 40 वर्ष
EWS वर्ग: अधिकतम 45 वर्ष
SC/ST वर्ग: अधिकतम 45 वर्ष
OBC वर्ग: अधिकतम 45 वर्ष
महिला अभ्यर्थी: अधिकतम 45 वर्ष
दिव्यांग अभ्यर्थी: अधिकतम 45 वर्ष
समानता के अधिकार का दिया गया हवाला
आयु सीमा में इस अंतर को चुनौती देते हुए Satyendra Kumar Khare Vs High Court of Madhya Pradesh मामले में याचिका दायर की गई थी।याचिका में तर्क दिया गया कि EWS वर्ग को 10 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान होने के बावजूद आयु सीमा में अलग से छूट नहीं दी गई है। याचिकाकर्ता ने इसे समानता के अधिकार से जोड़ते हुए अदालत के समक्ष रखा।
2016 के भर्ती नियमों का भी उल्लेख
याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता विकास मिश्रा और धीरज तिवारी ने सुनवाई के दौरान कई राज्यों में न्यायिक भर्तियों में EWS उम्मीदवारों को दी जाने वाली आयु सीमा की छूट का हवाला दिया।इसके अलावा मध्यप्रदेश जिला न्यायालय स्थापना (भर्ती एवं सेवा की शर्तें) नियम, 2016 के प्रावधानों का भी उल्लेख किया गया।
इस आदेश के बाद 45 वर्ष तक की आयु वाले EWS उम्मीदवारों के लिए सहायक ग्रेड-III भर्ती में आवेदन का रास्ता खुल गया है। इच्छुक अभ्यर्थियों को संशोधित अंतिम तारीख 30 सितंबर 2026 का ध्यान रखना होगा।