मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ने अपने नेताओं और निगम-मंडल, आयोग एवं प्राधिकरण अध्यक्षों के लिए एक तरह की अघोषित गाइडलाइन जारी की है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने साफ संदेश देते हुए कहा है कि पार्टी अनुशासन से बाहर जाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
व्यक्तिगत प्रचार-प्रसार से दूर रहने के निर्देश
गाइडलाइन के तहत नेताओं को व्यक्तिगत प्रचार-प्रसार से बचने की सलाह दी गई है। होर्डिंग-पोस्टर लगाने, गाड़ियों के लंबे काफिले और दिखावे से दूर रहने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा रिश्तेदारों और दोस्तों को सरकारी कामकाज से दूर रखने की हिदायत भी दी गई है। पार्टी ने पीए और स्टाफ की नियुक्ति में भाई-भतीजावाद पर सख्ती बरतने को कहा है। विवादित छवि वाले लोगों को स्टाफ में शामिल नहीं करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
संगठन और सरकार के काम पर फोकस
बीजेपी नेतृत्व ने नेताओं से कहा है कि वे सरकार के कामकाज का प्रचार करें और संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं के कामों को प्राथमिकता दें। पार्टी का साफ संदेश है कि पद मिलने के साथ अनुशासन का पालन करना भी जरूरी है।
कांग्रेस ने बताया दिखावा
मामले पर कांग्रेस प्रवक्ता अभिनव बरोलिया ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी केवल दिखावा करती है। उन्होंने कहा कि जनता महंगाई और बेरोजगारी से परेशान है, जबकि बीजेपी नेता केवल सजावटी राजनीति कर रहे हैं।
बीजेपी का पलटवार
बीजेपी प्रवक्ता गुंजर चौकसे ने कांग्रेस के आरोपों पर जवाब देते हुए कहा कि बीजेपी हमेशा राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानती है। उन्होंने कहा कि पार्टी में संगठन पहले और व्यक्ति बाद में आता है तथा बीजेपी इसी मूलमंत्र पर काम कर रही है।