भोपाल: मध्यप्रदेश भाजपा में संगठनात्मक गतिविधियां तेज हो गई हैं। आगामी 19 नवंबर को राजधानी भोपाल स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में पार्टी की महत्वपूर्ण और उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री शिवप्रकाश शामिल होंगे और प्रदेश के प्रमुख नेताओं एवं पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। बैठक में सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल, नई कार्यकारिणी के गठन और संगठनात्मक कामकाज की समीक्षा प्रमुख मुद्दे रहेंगे।
सरकार और संगठन के बीच समन्वय पर रहेगा जोर
19 नवंबर को होने वाली इस बैठक को मध्यप्रदेश भाजपा के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। बैठक का मुख्य उद्देश्य प्रदेश सरकार और पार्टी संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है।बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। इनके अलावा सरकार और संगठन के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी भी शामिल होंगे।राष्ट्रीय संगठन महामंत्री शिवप्रकाश प्रदेश में संगठन की गतिविधियों और सरकार के साथ तालमेल की स्थिति की समीक्षा करेंगे। साथ ही संगठन को और मजबूत बनाने को लेकर भी चर्चा होगी।
30 नवंबर तक नई कार्यकारिणी गठन की डेडलाइन
बैठक का एक महत्वपूर्ण एजेंडा भाजपा के सभी मोर्चों और प्रकोष्ठों की नई कार्यकारिणियों का गठन भी रहेगा। सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने इन कार्यकारिणियों के गठन के लिए 30 नवंबर तक की समयसीमा निर्धारित की है।ऐसे में 19 नवंबर की बैठक में अब तक हुई प्रगति की समीक्षा की जाएगी। पार्टी पदाधिकारियों से यह जानकारी ली जा सकती है कि नई कार्यकारिणियों के गठन की प्रक्रिया कहां तक पहुंची है और तय समयसीमा में इसे पूरा करने के लिए क्या तैयारियां की गई हैं।
प्रदेश भाजपा के संगठनात्मक कामकाज की होगी समीक्षा
भाजपा की इस बैठक को संगठनात्मक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसमें प्रदेश स्तर पर पार्टी की गतिविधियों, मोर्चों और प्रकोष्ठों की सक्रियता तथा सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल को लेकर चर्चा होगी।राष्ट्रीय संगठन महामंत्री शिवप्रकाश की मौजूदगी में होने वाले इस मंथन से प्रदेश भाजपा की आगामी संगठनात्मक रणनीति को दिशा मिलने की उम्मीद है। खास तौर पर 30 नवंबर तक नई कार्यकारिणियों के गठन का लक्ष्य पूरा करना पार्टी के लिए अहम रहेगा।