भोपाल स्थित मंत्रालय भवन में सोमवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मध्यप्रदेश कैबिनेट की बैठक आयोजित हुई। बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इसकी जानकारी एमएसएमई मंत्री चैतन्य काश्यप ने दी।
राज्यमंत्रियों की स्वेच्छानुदान राशि बढ़ी
कैबिनेट ने राज्यमंत्रियों की स्वेच्छानुदान राशि बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। अब तक राज्यमंत्री प्रति व्यक्ति सालाना 16 हजार रुपए तक की सहायता राशि स्वीकृत कर सकते थे, जिसे बढ़ाकर 25 हजार रुपए कर दिया गया है।
29,540 करोड़ रुपए की योजनाओं को मंजूरी
मंत्रिमंडल ने 29 हजार 540 करोड़ रुपए से अधिक की विभिन्न योजनाओं और कार्यों की निरंतरता को स्वीकृति दी।
खुमानसिंह शिवाजी जलाशय की बढ़ेगी ऊंचाई
नीमच जिले में स्थित खुमानसिंह शिवाजी जलाशय की ऊंचाई 1 मीटर बढ़ाने का फैसला लिया गया है। इस परियोजना पर 163 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इसके तहत पाइपलाइन और प्रेशराइज्ड सिंचाई प्रणाली विकसित की जाएगी। इससे 22 गांवों के करीब 6500 किसानों को लाभ मिलेगा और 5200 हेक्टेयर अतिरिक्त भूमि में सिंचाई संभव हो सकेगी।
बुधनी एमबीबीएस कॉलेज का संशोधित बजट मंजूर
कैबिनेट ने बुधनी में प्रस्तावित 100 सीटों वाले एमबीबीएस कॉलेज की परियोजना लागत बढ़ाने को भी मंजूरी दी। पहले इस योजना की लागत 714 करोड़ रुपए थी, जिसे संशोधित कर अब 763 करोड़ रुपए कर दिया गया है।
डामर की दरों में समायोजन को मंजूरी
लोक निर्माण विभाग की 10 करोड़ रुपए तक की परियोजनाओं में 1 मार्च से 30 जून तक डामर की दरों में समायोजन की अनुमति देने का निर्णय भी कैबिनेट बैठक में लिया गया।