भोपाल: मध्यप्रदेश में जनगणना-2027 की तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रदेश में जनगणना का काम 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक किया जाएगा। इससे पहले 10 जनवरी से 24 जनवरी तक नागरिकों को स्वगणना यानी सेल्फ एन्युमरेशन की सुविधा मिलेगी। इसके तहत लोग खुद ऑनलाइन अपनी जनगणना से जुड़ी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद प्रगणक घर-घर पहुंचकर दर्ज की गई जानकारी का सत्यापन करेंगे। जनगणना के दूसरे चरण में प्रत्येक व्यक्ति से सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक और जनसांख्यिकीय जानकारी से जुड़े कुल 40 सवाल पूछे जाएंगे।
10 जनवरी से शुरू होगी स्वगणना की प्रक्रिया
मध्यप्रदेश में जनगणना-2027 के तहत नागरिकों को 10 जनवरी से 24 जनवरी 2027 तक स्वगणना का विकल्प दिया जाएगा। इस दौरान लोग खुद अपनी और अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकेंगे।यह प्रक्रिया अप्रैल 2026 में मकान सूचीकरण और आवास जनगणना के दौरान अपनाई गई व्यवस्था की तरह होगी। स्वगणना के बाद संबंधित प्रगणक नागरिकों के घर पहुंचकर दर्ज की गई जानकारी का सत्यापन करेंगे।इसके लिए प्रदेश के सभी जिलों में जनगणना अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश दिए गए हैं।
25 जनवरी से 28 फरवरी तक घर-घर पहुंचेगे प्रगणक
स्वगणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक जनगणना का मुख्य काम संचालित होगा। इस दौरान प्रगणक घर-घर जाकर लोगों से जानकारी जुटाएंगे।जिन लोगों ने स्वगणना के माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज की होगी, उनके घर पहुंचकर भी प्रगणक जानकारी का मिलान और सत्यापन करेंगे।जनगणना निदेशालय के निर्देश के बाद मध्यप्रदेश के गृह विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है।
जनगणना के लिए तय किए गए 40 सवाल
जनगणना के दूसरे चरण में हर व्यक्ति की सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक और जनसांख्यिकीय स्थिति से जुड़ी जानकारी जुटाई जाएगी। इसके लिए जनगणना आयुक्त ने कुल 40 सवाल निर्धारित किए हैं।
इन सवालों में प्रमुख रूप से शामिल हैं
व्यक्ति का नाम और उम्र।
धर्म और मातृभाषा।
शैक्षणिक योग्यता।
रोजगार और कामकाज से जुड़ी जानकारी।
दिव्यांगता से संबंधित जानकारी।
अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति सहित अन्य जातियों से जुड़े सवाल।
इस जनगणना में स्वतंत्र भारत में पहली बार जातिगत जनगणना भी शामिल की जा रही है। इसके जरिए देश की सामाजिक और जनसांख्यिकीय स्थिति से जुड़े आंकड़े जुटाए जाएंगे।
1 मार्च से 5 मार्च तक होगा पुनरीक्षण
गृह विभाग की अधिसूचना के मुताबिक मध्यप्रदेश सहित देश के अन्य राज्यों में जनगणना के पुनरीक्षण का काम 1 मार्च से 5 मार्च 2027 तक किया जाएगा।इस दौरान जनगणना से संबंधित दर्ज की गई जानकारियों का पुनरीक्षण किया जाएगा। केंद्र सरकार ने भी 30 अक्टूबर 2026 को जनगणना कार्यक्रम को लेकर अधिसूचना जारी की थी।यह पूरी प्रक्रिया जनगणना अधिनियम 1948 और जनगणना नियमावली 1990 के प्रावधानों के तहत संचालित की जाएगी।
1 मार्च 2027 की स्थिति के आधार पर तय होंगे आंकड़े
जनगणना-2027 के तहत जनसंख्या से जुड़े आंकड़े 1 मार्च 2027 की रात 12 बजे की स्थिति के अनुसार निर्धारित किए जाएंगे।इसका मतलब है कि जनगणना में लोगों की संख्या और अन्य जनसांख्यिकीय आंकड़ों का आधार निर्धारित संदर्भ तिथि पर उनकी स्थिति होगी।
अप्रैल 2026 में हो चुका है पहला चरण
जनगणना-2027 के पहले चरण के तहत अप्रैल 2026 में मकान सूचीकरण और आवास जनगणना का काम कराया जा चुका है।इस दौरान लोगों से मकान और घरेलू सुविधाओं से जुड़े कुल 33 सवाल पूछे गए थे। इनमें मकान की स्थिति, निर्माण सामग्री, पेयजल, बिजली, शौचालय, वाहन और इंटरनेट जैसी सुविधाओं से संबंधित जानकारी शामिल थी।अब दूसरे चरण में जनसंख्या की गणना की जाएगी, जिसमें प्रत्येक व्यक्ति की व्यक्तिगत, सामाजिक और आर्थिक जानकारी जुटाई जाएगी।