भोपाल। मध्यप्रदेश में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार को प्रदेश के कई शहरों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। नौगांव प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि खंडवा में 44.1 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ।
भोपाल में अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री, जबलपुर में 43.2 डिग्री, इंदौर में 41.1 डिग्री, उज्जैन में 42 डिग्री और ग्वालियर में 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा शाजापुर, सागर, खरगोन, रायसेन, श्योपुर, नरसिंहपुर, गुना, खजुराहो, रतलाम, दतिया, दमोह और टीकमगढ़ समेत कई जिलों में पारा 43 डिग्री से ऊपर पहुंच गया।
भोपाल में बढ़ सकती है गर्मी, रातें भी हुईं तपती
राजधानी भोपाल में शनिवार को न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। लगातार बढ़ते तापमान के कारण दिन के साथ रातें भी गर्म होती जा रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भोपाल का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
मौसम केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में गर्मी का असर बना रहेगा और तापमान में 2 से 3 डिग्री तक और बढ़ोतरी हो सकती है। बीते पांच दिनों में भोपाल का तापमान दो बार 43 डिग्री के पार पहुंच चुका है।
कई जिलों में आंधी और बारिश का असर
शनिवार को प्रदेश के कुछ जिलों में मौसम ने करवट भी ली। उमरिया, डिंडोरी, मंडला, सिवनी, रीवा, मऊगंज, सागर, दमोह, छतरपुर, पन्ना, सतना, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, जबलपुर, कटनी और मैहर में कहीं तेज आंधी तो कहीं हल्की बारिश दर्ज की गई।
रविवार को डिंडोरी, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट और पांढुर्णा सहित कुछ जिलों में आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं विदिशा, रायसेन, राजगढ़, हरदा, बुरहानपुर, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, आगर, गुना, अशोकनगर, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में लू चलने की आशंका है।
न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी से बढ़ी परेशानी
प्रदेश में न्यूनतम तापमान में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है। भोपाल में पिछले कुछ दिनों में रात का तापमान करीब 4 डिग्री तक बढ़ गया है। पांच दिन पहले जहां न्यूनतम तापमान 25 डिग्री के आसपास था, वहीं अब यह 29 डिग्री तक पहुंच चुका है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में रात का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकता है, जिससे लोगों को दिन और रात दोनों समय गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।