मध्यप्रदेश इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण सोमवार को प्रदेश के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 42 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। खजुराहो 46.8 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ दुनिया का तीसरा सबसे गर्म शहर बन गया।
30 से ज्यादा जिलों में लू का अलर्ट
मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए दतिया, भिंड, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में तीव्र लू चलने की चेतावनी जारी की है। वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर समेत 30 से अधिक जिलों में लू और गर्म हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है।
दुनिया के सबसे गर्म शहरों में शामिल खजुराहो
छतरपुर जिले के खजुराहो में सोमवार को 46.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। इसके साथ ही खजुराहो दुनिया के सबसे गर्म शहरों की सूची में तीसरे स्थान पर रहा। पहले स्थान पर उत्तरप्रदेश का बांदा 47.6 डिग्री सेल्सियस और दूसरे स्थान पर सऊदी अरब का जेद्दा किंग अब्दुल अजीज इंटरनेशनल एयरपोर्ट 47.3 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ रहा। प्रयागराज के घूपुर का तापमान भी खजुराहो के बराबर दर्ज किया गया।
पश्चिमी मध्यप्रदेश में भी भीषण गर्मी
प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में तापमान 42.6 से 45.4 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। रतलाम में अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो सामान्य से करीब 6 डिग्री ज्यादा रहा। यहां पूरे दिन तीव्र लू का असर देखने को मिला।
इंदौर और धार में गर्म रातें
इंदौर में रात का तापमान भी सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। यहां न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 4 डिग्री ज्यादा था। वहीं धार में 44.1 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ लू जैसे हालात बने रहे।
पूर्वी इलाकों में भी बढ़ा तापमान
पूर्वी मध्यप्रदेश के जिलों में भी गर्मी का असर तेज बना हुआ है। छिंदवाड़ा में अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4 डिग्री अधिक रहा। कई जिलों में रात का तापमान भी 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे लोगों को दिन और रात दोनों समय गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।