जबलपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचाने की अपील का असर अब न्यायपालिका में भी देखने को मिल रहा है। मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के जस्टिस डीडी बंसल साइकिल चलाकर कोर्ट पहुंचे और लोगों को पेट्रोल-डीजल बचाने का संदेश दिया।
तीन किलोमीटर तक साइकिल चलाकर पहुंचे कोर्ट
जस्टिस डीडी बंसल जबलपुर की व्यस्त सड़कों पर साइकिल चलाते नजर आए। उन्होंने सिविल लाइंस स्थित अपने सरकारी आवास से मध्य प्रदेश हाई कोर्ट तक करीब तीन किलोमीटर की दूरी साइकिल से तय की। इस दौरान हाई कोर्ट के एक कर्मचारी भी उनके साथ साइकिल चलाते दिखाई दिए। कर्मचारी उनके जरूरी सामान और बैग के साथ मौजूद था।
“जज होकर साइकिल नहीं चला सकते, ये सोच गलत”
जस्टिस डीडी बंसल ने कहा कि हाई कोर्ट जज होने का मतलब यह नहीं कि साइकिल नहीं चलाई जा सकती। उन्होंने कहा कि जहां तक संभव हो, हर नागरिक को साइकिल चलाकर तेल की बचत करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि उन्हें यह प्रेरणा मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश संजीव सचदेवा से मिली।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील का असर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में देशवासियों से पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि जहां संभव हो वहां मेट्रो, पब्लिक ट्रांसपोर्ट और कारपूलिंग का इस्तेमाल किया जाए। साथ ही इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने और गैर जरूरी ईंधन खर्च कम करने की भी सलाह दी गई थी।
सरकार ने कहा- ईंधन की कोई कमी नहीं
केंद्र सरकार ने यह साफ किया है कि देश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कोई कमी नहीं है। हालांकि पश्चिम एशिया संकट और अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव को देखते हुए सरकार ऊर्जा बचत पर जोर दे रही है।