मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने पुलिस मुख्यालय के अंतर्गत सूबेदार (अनुसचिवीय) शीघ्रलेखक और सहायक उप निरीक्षक (अनुसचिवीय) के पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं।इस भर्ती के तहत कुल 655 पद भरे जाएंगे। इच्छुक और पात्र उम्मीदवार निर्धारित तारीखों के दौरान ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
24 सितंबर से शुरू होंगे ऑनलाइन आवेदन
चयन परीक्षा-2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 24 सितंबर 2026 से शुरू होगी। अभ्यर्थी 8 अक्टूबर 2026 तक आवेदन जमा कर सकेंगे।आवेदन में किसी तरह की त्रुटि होने पर संशोधन का मौका भी दिया जाएगा। उम्मीदवार 13 अक्टूबर 2026 तक अपने आवेदन में आवश्यक संशोधन कर सकेंगे।चयन परीक्षा का पहला चरण 3 नवंबर 2026, मंगलवार से शुरू होगा।
पहले आरक्षक के 7,500 पदों पर निकली थी भर्ती
गृह विभाग के इन पदों पर भर्ती के लिए पुलिस मुख्यालय की ओर से कर्मचारी चयन मंडल को प्रस्ताव भेजा गया था। इससे पहले पुलिस विभाग में आरक्षकों के 7,500 पदों पर भर्ती के लिए भी आवेदन प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है।नई भर्ती के तहत सूबेदार और सहायक उप निरीक्षक के पदों के लिए अलग-अलग वेतनमान निर्धारित किया गया है।
वेतनमान
सूबेदार (शीघ्रलेखक): ₹36,200 से ₹1,14,800
सहायक उप निरीक्षक: ₹19,500 से ₹62,000
आवेदन शुल्क कितना रहेगा?
सीधी भर्ती में सामान्य और अनारक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा शुल्क 500 रुपए निर्धारित किया गया है।वहीं अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, EWS और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा शुल्क 250 रुपए रहेगा।विभागीय परीक्षा के लिए शुल्क क्रमशः 200 रुपए और 100 रुपए निर्धारित है। ऑनलाइन आवेदन के दौरान पोर्टल शुल्क अलग से देना होगा।
सूबेदार पद के लिए क्या योग्यता चाहिए?
सूबेदार (शीघ्रलेखक) पद के लिए उम्मीदवार का 12वीं पास होना जरूरी है। इसके साथ ही मान्यता प्राप्त संस्थान से हिंदी आशुलिपि यानी हिंदी शॉर्टहैंड में 100 शब्द प्रति मिनट की परीक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक है।इसके अलावा कंप्यूटर दक्षता से संबंधित निर्धारित योग्यता और प्रमाणपत्र भी मान्य होंगे।
ASI पद के लिए कंप्यूटर योग्यता जरूरी
सहायक उप निरीक्षक पद के लिए भी उम्मीदवार का 12वीं उत्तीर्ण होना आवश्यक है। इसके अतिरिक्त कंप्यूटर, ITI या संबंधित मान्यता प्राप्त संस्थान से निर्धारित डिप्लोमा अथवा COPA और आधुनिक कार्यालय प्रबंधन जैसे निर्धारित पाठ्यक्रमों की योग्यता को मान्य किया जाएगा।यानी भर्ती में शैक्षणिक योग्यता के साथ कंप्यूटर संबंधी दक्षता को भी महत्वपूर्ण रखा गया है।
परीक्षा केंद्र पर पहचान पत्र अनिवार्य
परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर मूल फोटोयुक्त पहचान पत्र लेकर जाना होगा। निर्धारित पहचान पत्रों में आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और पासपोर्ट आदि शामिल हैं।आधार कार्ड के माध्यम से पहचान रखने वाले उम्मीदवारों का सत्यापन भी किया जाएगा।
आरक्षण का लाभ लेने के लिए MP Domicile जरूरी
आरक्षण का लाभ लेने के लिए अभ्यर्थी का मध्यप्रदेश का स्थायी निवासी (Domicile) होना अनिवार्य है। इसलिए आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को आवेदन करते समय पात्रता और निवास संबंधी शर्तों की जानकारी ध्यान से देखनी होगी।
भर्ती की महत्वपूर्ण तारीखें एक नजर में
प्रक्रिया तारीख
ऑनलाइन आवेदन शुरू 24 सितंबर 2026
आवेदन की अंतिम तारीख 8 अक्टूबर 2026
आवेदन संशोधन की अंतिम तारीख 13 अक्टूबर 2026
परीक्षा का पहला चरण 3 नवंबर 2026 से
कुल पद 655