प्रयागराज - उत्तर प्रदेश में भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष और विधायक पूजा पाल के साथ कथित साइबर ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि उनके मोबाइल और बैंकिंग सिस्टम में सेंध लगाकर यूपीआई के जरिए करीब दो सप्ताह तक कई बार रकम निकाली गई। विधायक को 14 सितंबर को इस मामले की जानकारी हुई, जिसके बाद उन्होंने बैंक खाते की जांच कराई।
खाते में मिले संदिग्ध लेन-देन
बैंक स्टेटमेंट की जांच के दौरान ऐसे कई लेन-देन सामने आए, जिन्हें विधायक ने खुद द्वारा किया जाना नहीं बताया। पूजा पाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 22 अगस्त से 13 सितंबर के बीच उनके बैंक खाते से कई बार रुपये निकाले गए। मामले की जानकारी मिलने के बाद विधायक ने बैंक से संबंधित लेन-देन की जानकारी जुटाई और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
iPhone हैक होने की जताई आशंका
पूजा पाल ने पुलिस को बताया कि उन्हें आशंका है कि किसी ने उनके iPhone 17 Air में सेंध लगाकर बैंकिंग और निजी डेटा का गलत इस्तेमाल किया। हालांकि, मोबाइल वास्तव में हैक हुआ था या रकम निकालने के लिए किसी अन्य तरीके का इस्तेमाल किया गया, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
धूमनगंज थाने में FIR दर्ज
विधायक की शिकायत पर प्रयागराज के धूमनगंज थाने में शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
साइबर सेल कर रही जांच
पुलिस साइबर सेल की मदद से विधायक के मोबाइल फोन, फोन-पे, यूपीआई ट्रांजेक्शन और संबंधित बैंक खाते की जांच कर रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि संदिग्ध लेन-देन किस माध्यम से किए गए और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर जांच पूरी होने के बाद ही ठगी के तरीके और रकम के बारे में अधिक स्पष्ट जानकारी सामने आने की उम्मीद है।