भोपाल - मध्य प्रदेश के मेधावी विद्यार्थियों के लिए बड़ी सौगात मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 19 सितंबर को भोपाल के शासकीय हायर सेकंडरी स्कूलों में कक्षा 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को ई-स्कूटी वितरित करेंगे। यह लाभ मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के तहत दिया जाएगा। राज्य स्तरीय वितरण कार्यक्रम सुबह 9 बजे से आयोजित होगा।
उच्च शिक्षा और आवागमन में मिलेगी सुविधा
मुख्यमंत्री स्कूटी योजना का उद्देश्य शासकीय स्कूलों के मेधावी विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करना है। ई-स्कूटी मिलने से विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के लिए कॉलेज आने-जाने में सुविधा होगी और उच्च शिक्षा की राह भी आसान बनाने में मदद मिलेगी।

किन विद्यार्थियों को मिलेगा योजना का लाभ?
योजना का लाभ पाने के लिए विद्यार्थी का कक्षा 12वीं में प्रथम प्रयास में कम से कम 70 प्रतिशत अंक हासिल करना और अपने स्कूल में प्रथम स्थान प्राप्त करना जरूरी है। यह योजना स्कूल शिक्षा एवं जनजातीय कार्य विभाग के शासकीय हायर सेकंडरी स्कूलों में नियमित रूप से पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए है। इसमें सभी संकायों के विद्यार्थियों को शामिल किया गया है।

ई-स्कूटी के लिए 1.20 लाख रुपये तक की राशि
योजना के तहत मोटराइज्ड स्कूटी के लिए अधिकतम 90 हजार रुपये और ई-स्कूटी के लिए अधिकतम 1.20 लाख रुपये की राशि प्रदान की जाती है। इससे पात्र विद्यार्थियों को अपनी जरूरत के अनुसार वाहन उपलब्ध कराने में आर्थिक सहायता मिलती है।
7,400 से ज्यादा विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
शिक्षण सत्र 2025-26 के लिए प्रदेश के 7,400 से अधिक पात्र विद्यार्थियों को ई-स्कूटी का वितरण किया जाएगा। सरकार के अनुसार, अब तक मुख्यमंत्री स्कूटी योजना से प्रदेश के 23 हजार से अधिक पात्र विद्यार्थी लाभान्वित हो चुके हैं। योजना के संचालन पर अब तक करीब 246 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं।
मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहन देने की पहल
राज्य सरकार के अनुसार, मुख्यमंत्री स्कूटी योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों की मेहनत और शैक्षणिक उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने के साथ उन्हें आगे की पढ़ाई के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है। शासकीय स्कूलों के विद्यार्थियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करने से उच्च शिक्षा के प्रति उनकी भागीदारी बढ़ाने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।