मध्यप्रदेश में पुलिस विभाग में भर्ती का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए बड़ी अपडेट सामने आई है। मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल ने सूबेदार और उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा-2025 की मुख्य परीक्षा के दूसरे चरण का परिणाम घोषित कर दिया है। रिजल्ट जारी होने के बाद चयनित उम्मीदवार अब भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण की तैयारी में जुट गए हैं।
500 पदों के लिए हुई थी भर्ती परीक्षा
इस भर्ती अभियान के तहत सीधी भर्ती के कुल 500 पदों पर परीक्षा आयोजित की गई थी। मंडल द्वारा जारी परिणाम के अनुसार कुल 1639 अभ्यर्थियों का चयन अगले चरण के लिए किया गया है। इनमें 1166 पुरुष और 473 महिला उम्मीदवार शामिल हैं। मुख्य परीक्षा भोपाल, जबलपुर, सागर और सीधी सहित प्रदेश के चार शहरों में आयोजित की गई थी।
अब होंगे फिजिकल और इंटरव्यू
मुख्य परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को अब भर्ती प्रक्रिया के महत्वपूर्ण चरणों से गुजरना होगा। चयनित उम्मीदवारों के लिए फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट (PET), फिजिकल मेजरमेंट टेस्ट (PMT), इंटरव्यू, दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल परीक्षण आयोजित किए जाएंगे। इन सभी चरणों में सफल होने वाले उम्मीदवारों का अंतिम चयन किया जाएगा।
वेबसाइट पर नजर रखने की सलाह
मंडल ने बताया है कि अगले चरण की तारीख, परीक्षा केंद्र, एडमिट कार्ड और अन्य जरूरी दिशा-निर्देश जल्द जारी किए जाएंगे। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट चेक करते रहें, ताकि किसी भी महत्वपूर्ण सूचना से वंचित न रहें।