मध्यप्रदेश में मानसून की विदाई से पहले स्ट्रॉन्ग सिस्टम सक्रिय है। जबलपुर समेत 13 जिलों में अति भारी बारिश और 16 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।सतना में अतिवृष्टि की आशंका को देखते हुए 25 और 26 सितंबर को नर्सरी से कक्षा 8वीं तक के स्कूल बंद रहेंगे।
13 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
शुक्रवार को टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, दमोह, उमरिया, जबलपुर, नरसिंहपुर, मंडला, छिंदवाड़ा, सिवनी और बालाघाट में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। इन इलाकों में कुछ स्थानों पर 24 घंटे के दौरान 4 इंच से अधिक बारिश होने की संभावना जताई गई है।
16 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
भिंड, दतिया, निवाड़ी, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, कटनी, शहडोल, डिंडौरी, अनूपपुर, सागर, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल और पांढुर्णा में भारी बारिश का अनुमान है।इसके अलावा प्रदेश के कई अन्य जिलों में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है।
सतना में 2 दिन स्कूल बंद
अतिवृष्टि की संभावना को देखते हुए सतना कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस. ने 25 और 26 सितंबर को नर्सरी से कक्षा 8वीं तक के स्कूलों में अवकाश घोषित किया है।यह आदेश शासकीय, अशासकीय, केंद्रीय, नवोदय, ICSE समेत सभी मान्यता प्राप्त स्कूलों पर लागू रहेगा।
25-26 सितंबर को ज्यादा असर
बंगाल की खाड़ी में विकसित हुआ अवदाब मजबूत होकर मौसमी सिस्टम के रूप में सक्रिय हुआ है। इसके कारण 25 और 26 सितंबर को बारिश का असर ज्यादा रहने की संभावना है। 27 सितंबर को भी कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश हो सकती है, जिसके बाद सिस्टम आगे बढ़ जाएगा।IMD के पूर्वी मध्य प्रदेश के लिए जारी चेतावनी में 25 और 26 सितंबर को बहुत भारी बारिश तथा 27 सितंबर को भारी बारिश की संभावना दर्ज की गई है।
मानसून की विदाई में अब कुछ दिन बाकी
मध्यप्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून का सामान्य समय 1 जून से 30 सितंबर तक माना जाता है। मानसून की विदाई से ठीक पहले सक्रिय हुए इस सिस्टम से प्रदेश में एक और बारिश का दौर देखने को मिल रहा है।
सामान्य से 2.4 इंच कम बारिश
IMD के आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश में अब तक करीब 873.4 मिमी यानी 34.4 इंच बारिश दर्ज की गई है। यह सामान्य बारिश 935.1 मिमी यानी 36.8 इंच से करीब 2.4 इंच कम है।प्रदेश में कुल मिलाकर बारिश सामान्य से करीब 7% कम बताई गई है। पूर्वी हिस्से में करीब 2% और पश्चिमी हिस्से में औसत से 11% कम बारिश दर्ज की गई है।
इन जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश
अनूपपुर, छतरपुर, मैहर, मऊगंज, निवाड़ी, पन्ना, सतना, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, टीकमगढ़, उमरिया, आगर-मालवा, भिंड, भोपाल, बुरहानपुर, दतिया, गुना, ग्वालियर, खरगोन, राजगढ़, श्योपुर और शिवपुरी में औसत से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है।