भुवनेश्वर | बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात ‘अर्नब’ के असर से ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में भारी बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है। चक्रवात के देर रात करीब 11 बजे से 1 बजे के बीच उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तट से टकराने की जानकारी दी गई है। इसके बाद दोनों राज्यों के कई हिस्सों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। तूफान के कारण कई इलाकों में जलभराव, यातायात बाधित होने और नावों के क्षतिग्रस्त होने की खबर है। प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कार्रवाई की है।
ओडिशा के 10 जिलों में स्कूल बंद
चक्रवात के प्रभाव को देखते हुए दक्षिण ओडिशा के 10 जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं। वहीं करीब 5 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है। मलकानगिरी में भारी बारिश के कारण चार पुल पानी में डूब गए हैं। इससे कई इलाकों में यातायात प्रभावित हुआ है। सुरक्षा को देखते हुए कुछ नेशनल हाईवे भी बंद किए गए हैं।
भद्रक और चिलिका में नावों को नुकसान
तेज हवाओं का असर समुद्री इलाकों में भी देखने को मिला है। भद्रक में मछुआरों की करीब 10 नावें डूबने और कई अन्य नावों के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई है। चिलिका झील क्षेत्र में भी तेज हवाओं के कारण कई नावें टूटकर डूब गईं। समुद्र और तटीय क्षेत्रों में प्रशासन की ओर से अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।
ओडिशा के कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने नबरंगपुर जिले के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। यहां 20 सेंटीमीटर से अधिक बारिश होने का अनुमान जताया गया है। वहीं बरगढ़, नुआपाड़ा, बलांगीर, कालाहांडी, कोरापुट और मलकानगिरी में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में भारी बारिश और तेज हवाओं को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
आंध्र प्रदेश में 75 किमी प्रति घंटे तक चली हवा
आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले में हवाओं की रफ्तार 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की जानकारी है। वहीं विजयवाड़ा के निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। कई स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। मछुआरों को शुक्रवार सुबह तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।
बंगाल और पहाड़ी इलाकों में भी बारिश का अलर्ट
चक्रवात के प्रभाव का असर पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों के अलावा दार्जिलिंग और कलिम्पोंग में भी देखने को मिल सकता है। इन इलाकों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है।
आज 22 राज्यों में बारिश का अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को देश के 22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं दिल्ली-एनसीआर और कर्नाटक में हल्की बारिश हो सकती है। पूर्वोत्तर राज्यों, अंडमान-निकोबार और केरल में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है।
यूपी-बिहार में आंधी के साथ बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में आंधी-तूफान के साथ व्यापक बारिश होने की संभावना है। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। दिल्ली में आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहने और हल्की बारिश होने का अनुमान है। राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।