मध्यप्रदेश में करीब 21 साल बाद लोक परिवहन बस सेवा फिर से शुरू होने जा रही है। शुक्रवार से भोपाल, इंदौर समेत 7 शहरों में 351 बसें सड़कों पर उतरेंगी।परिवहन विभाग ने इंटरसिटी बस सेवा के लिए 2 रुपए प्रति किलोमीटर किराया निर्धारित किया है। नई सेवा के जरिए शहरों के साथ-साथ अलग-अलग क्षेत्रों के बीच सार्वजनिक परिवहन को बेहतर बनाने की योजना है।
CM डॉ.मोहन यादव और नितिन गडकरी करेंगे शुभारंभ
सुगम परिवहन सेवा के शुभारंभ के लिए भोपाल के बीएचईएल दशहरा मैदान में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी बसों को हरी झंडी दिखाकर सेवा की शुरुआत करेंगे।कार्यक्रम से एक दिन पहले गुरुवार शाम मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बीएचईएल दशहरा मैदान पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने मंच, सभा स्थल और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।इसके बाद मुख्यमंत्री ने बसों का भी निरीक्षण किया और ड्राइवरों से बातचीत की।
सीएम बोले- 21 साल बाद फिर शुरू हो रही लोक परिवहन सेवा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि 21 साल बाद प्रदेश में लोक परिवहन बस सेवा का दोबारा शुरू होना ऐतिहासिक निर्णय है।उन्होंने कहा कि आधुनिक ई-बसों और सुविधाओं से लैस बसों का नेटवर्क चरणबद्ध तरीके से प्रदेश के नगरों और जिलों तक पहुंचाया जाएगा।
बस स्टॉप और कंट्रोलिंग सिस्टम होगा विकसित
सुगम परिवहन सेवा के तहत केवल बसों का संचालन ही नहीं, बल्कि यात्रियों के लिए जरूरी आधारभूत सुविधाओं को भी विकसित करने की योजना है।इसके अंतर्गत बस स्टॉप, बस स्टैंड, इलेक्ट्रॉनिक सुविधाएं और बेहतर कंट्रोलिंग व्यवस्था विकसित की जाएगी। सरकार का उद्देश्य सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ना है।