बस्तर में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से इंद्रावती नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है और निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।हालात को देखते हुए 25 सितंबर को जिले के सभी स्कूल बंद रहेंगे, जबकि भूस्खलन के कारण किरंदुल-विशाखापट्टनम रूट की दो ट्रेनें और जगदलपुर-हैदराबाद फ्लाइट रद्द की गई है।
इंद्रावती का जलस्तर बढ़ा, निचले इलाकों में अलर्ट
बस्तर में बुधवार रात से लगातार हो रही बारिश के कारण हालात बिगड़ने लगे हैं। मूसलाधार बारिश के चलते इंद्रावती नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। प्रशासन ने नदी के आसपास और निचले इलाकों में अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने को कहा है।बारिश और संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।
25 सितंबर को जिले के सभी स्कूल बंद
लगातार बारिश और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन एवं जिला शिक्षा अधिकारी ने 25 सितंबर को बस्तर जिले के सभी शासकीय, निजी और अनुदान प्राप्त स्कूलों में अवकाश घोषित किया है।24 सितंबर को भी जिले के स्कूल बंद रहे थे। 25 सितंबर को होने वाली त्रैमासिक परीक्षा के संबंध में अलग से निर्देश जारी किए जाएंगे।
भूस्खलन के कारण दो ट्रेनें रद्द
भारी बारिश के बीच रायगढ़ मंडल के MVG-CTS स्टेशनों के बीच रेलवे ट्रैक पर भूस्खलन हुआ है। इसके चलते 25 सितंबर को किरंदुल-विशाखापट्टनम रेल मार्ग पर चलने वाली दो प्रमुख ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है।
58502/58501 किरंदुल-विशाखापट्टनम पैसेंजर रद्द।
18516/18515 किरंदुल-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस रद्द।
जगदलपुर-हैदराबाद फ्लाइट भी रद्द
खराब मौसम का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा है। बारिश के कारण जगदलपुर से हैदराबाद रूट की फ्लाइट रद्द कर दी गई है। खराब मौसम की वजह से विमान के लैंडिंग और टेकऑफ में दिक्कत की संभावना बताई गई है।
रपटों और पुल-पुलियों पर बैरिकेडिंग
कलेक्टर ने SDM, तहसीलदारों और होमगार्ड कमांडेंट को फील्ड में रहकर स्थिति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए हैं।इंद्रावती नदी के तटीय और निचले इलाकों में मुनादी कर लोगों को सतर्क किया जा रहा है। जिन रपटों और पुल-पुलियों के जलमग्न होने की आशंका है, वहां दोनों ओर बैरिकेडिंग कर कोटवार और निगरानी दल तैनात किए गए हैं।प्रशासन ने लोगों से उफनती नदी, नालों और रपटों को पार नहीं करने की अपील की है। किसी भी आपात स्थिति में बाढ़ आपदा नियंत्रण कक्ष से संपर्क करने को कहा गया है।