बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती सिस्टम के असर से उत्तरप्रदेश में मौसम ने करवट ली है। लखनऊ समेत 20 शहरों में बारिश हो रही है, जबकि 65 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट है। गोरखपुर और अयोध्या समेत 38 जिलों में भारी बारिश की संभावना है, वहीं प्रदेश में 27 सितंबर तक तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर जारी रह सकता है।
लखनऊ में 20 घंटे से बारिश, बढ़ी ठंडक
बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती सिस्टम के प्रभाव से उत्तरप्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। शुक्रवार सुबह से लखनऊ, कानपुर, उन्नाव, वाराणसी, प्रयागराज और जौनपुर समेत करीब 20 शहरों में रुक-रुककर बारिश हो रही है।राजधानी लखनऊ में पिछले करीब 20 घंटे से तेज हवाओं के साथ रिमझिम बारिश जारी है। लगातार बारिश और हवाओं के चलते मौसम में हल्की ठंडक महसूस होने लगी है।
पूर्वांचल और अवध में ज्यादा असर
मौसम विभाग के मुताबिक चक्रवाती सिस्टम के कारण बना मानसूनी सिस्टम अब पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से पूर्वांचल और अवध क्षेत्र में बारिश का सिलसिला शुरू हुआ है। अगले 24 घंटे में पश्चिमी उत्तरप्रदेश के मौसम में भी बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 27 सितंबर तक प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश जारी रहने की संभावना है।
65 जिलों में बारिश का अलर्ट
आज प्रदेश के 65 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, गोरखपुर और अयोध्या समेत 38 जिलों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। पिछले 24 घंटे में भी उत्तरप्रदेश के 49 जिलों में बारिश रिकॉर्ड की गई। इस दौरान बलरामपुर में सबसे ज्यादा 43.5 मिमी बारिश दर्ज की गई।
ललितपुर में खेतों में भरा पानी
बारिश का असर खेती पर भी दिखाई दे रहा है। ललितपुर में बारिश के कारण खेतों में पानी भर गया है, जिससे उड़द की फसल डूब गई है। किसानों को फसल खराब होने की चिंता बढ़ गई है।