मलकानगिरी | ओडिशा के मलकानगिरी जिले में चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव से लगातार भारी बारिश हो रही है, जिससे कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। तेज हवाओं के कारण जगह-जगह पेड़ उखड़ गए हैं और कुछ पुलों को भी नुकसान पहुंचा है। कई मार्गों पर पानी भरने से इलाकों के बीच संपर्क प्रभावित हुआ है।
कई पुलों पर 3-4 फीट तक पानी
लगातार बारिश के कारण जिले की नदियां और नाले उफान पर हैं। कांकुरुकोंडा, कन्याश्रम, एमवी-90 और एमवी-96 पुलों के ऊपर करीब तीन से चार फीट तक बाढ़ का पानी बह रहा है। पानी बढ़ने के कारण मलकानगिरी का कालीमेला, मोटू और पोडिया से संपर्क प्रभावित हुआ है। प्रशासन की ओर से लोगों की सुरक्षा को देखते हुए पुलों के आसपास पुलिस बल तैनात किया गया है।
NH-326 पर यातायात बंद, सैकड़ों वाहन फंसे
भारी बारिश के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-326 के कई हिस्सों में पानी भर गया है। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने हाईवे को कुछ समय के लिए बंद कर दिया है। हाईवे बंद होने के कारण कई जगहों पर सैकड़ों वाहन फंसे हुए हैं। इसके अलावा तेज हवाओं और बारिश के चलते कई स्थानों पर पेड़ गिरने से सड़कें भी अवरुद्ध हुई हैं।
दो दिन का रेड अलर्ट
चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव को देखते हुए मौसम विभाग ने मलकानगिरी में दो दिन का रेड अलर्ट जारी किया था। मलकानगिरी के एडीएम बेदाबर प्रधान के मुताबिक, आने वाले कुछ घंटे चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं। जिला प्रशासन ने स्थिति से निपटने के लिए जरूरी तैयारियां की हैं। उन्होंने बताया कि बारिश और बाढ़ के कारण कुछ क्षेत्रों का आपसी संपर्क टूट गया है। तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और चेन्नई की ओर से आने वाले कई वाहन भी प्रभावित क्षेत्रों में फंसे हुए हैं। प्रशासन और पंचायत स्तर पर प्रभावित लोगों तक भोजन और अन्य जरूरी सामग्री पहुंचाने का काम किया जा रहा है।
तीन दिन से लगातार बारिश
एक स्थानीय व्यक्ति के मुताबिक, मलकानगिरी में पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश हो रही है। इसके कारण जिले के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। वहीं, ओडिशा सरकार में मंत्री गोकुलानंद मल्लिक ने बताया कि चक्रवात और भारी बारिश को देखते हुए सात जिलों के लिए भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। उनके मुताबिक, राज्य सरकार और मुख्यमंत्री की ओर से सभी जिलों के लिए जरूरी निर्देश जारी किए गए हैं।
बालासोर में भी बारिश और तेज हवाओं का असर
चक्रवात का असर ओडिशा के दूसरे हिस्सों में भी देखने को मिला है। बालासोर में भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। फायर सर्विस की टीमों ने कई स्थानों पर गिरे हुए पेड़ों को हटाया। रेमुणा में बुधवार को एक घर गिरने से एक व्यक्ति की मौत और एक बच्चे के घायल होने की जानकारी सामने आई है। फायर ऑफिसर अजय के मुताबिक, बांकेश्वर में तीन जगहों पर पेड़ गिरे, जिनमें से दो पेड़ घरों पर गिरे थे। वहां मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। राजाबगीचा जंक्शन पर फ्लड लाइट की मदद से मलबा हटाने का काम किया गया।
12 फायर स्टेशनों पर नावें तैनात
बालासोर में फायर सर्विस को अलर्ट पर रखा गया है। अधिकारी के मुताबिक, जिले के सभी फायर स्टेशन तैयार हैं। 12 फायर स्टेशनों पर एक-एक नाव उपलब्ध कराई गई है, जबकि चार अतिरिक्त नावों को स्टैंडबाय पर रखा गया है। प्रशासन की टीमें जलभराव, पेड़ गिरने और सड़क अवरोध जैसी स्थितियों पर लगातार नजर रख रही हैं। लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।