मध्यप्रदेश में शुक्रवार को लोगों ने दिनभर तेज गर्मी और लू का सामना किया, लेकिन शाम ढलते ही कई जिलों में मौसम ने अचानक करवट ले ली। कुछ जगहों पर तेज आंधी के साथ ओलावृष्टि हुई तो कई इलाकों में धूल भरी आंधी और हल्की बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी।
कहीं भीषण लू तो कहीं ओलावृष्टि
कटनी जिले में तेज हवाओं के साथ ओले गिरे, जबकि उमरिया में बारिश दर्ज की गई। सागर और दमोह में गरज-चमक के साथ तेज आंधी चली। इसके अलावा जबलपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, अशोकनगर, गुना, शिवपुरी, विदिशा, रायसेन और पन्ना समेत कई जिलों में धूल भरी हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी देखने को मिली।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, मौसम में यह बदलाव पूर्वी मध्यप्रदेश के ऊपर बने चक्रवातीय परिसंचरण के कारण हुआ है। वहीं पश्चिमी मध्यप्रदेश से उत्तरप्रदेश, बिहार होते हुए बांग्लादेश तक एक द्रोणिका बनी हुई है, जिससे हवाओं की दिशा बदली है और वातावरण में नमी बढ़ी है।
मौसम केंद्र ने बताया कि अगले तीन दिनों तक प्रदेश में मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है। इसके बाद तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है।
खंडवा सबसे गर्म, रतलाम में चली तीव्र लू
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को खंडवा प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं रतलाम में तीव्र लू का असर देखा गया और तापमान सामान्य से 4.7 डिग्री ज्यादा यानी 44 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।रायसेन और मंडला में रात का तापमान भी काफी ज्यादा दर्ज किया गया। मंडला में न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.1 डिग्री अधिक यानी 28.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
यहां जारी हुआ अलर्ट
ऑरेंज अलर्ट : धार, रतलाम, देवास, इंदौर और उज्जैन में तीव्र लू और गर्म रात की चेतावनी जारी की गई है।
यलो अलर्ट : भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, ग्वालियर, गुना, सागर और छतरपुर सहित 30 से ज्यादा जिलों में लू चलने की संभावना जताई गई है। वहीं मंडला में गर्म रात को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
बड़े शहरों का तापमान
शहर -- अधिकतम -- न्यूनतम
भोपाल -- 42.8 -- 29.8
इंदौर -- 41.8 -- 28.0
ग्वालियर -- 40.9 -- 27.5
जबलपुर -- 41.8 -- 28.2