भोपाल: राजधानी भोपाल में समर्थकों द्वारा लगाए गए पोस्टरों को नगर निगम कर्मचारियों द्वारा हटाए जाने का मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ता नजर आ रहा है। इस मामले में कांग्रेस नेता नकुलनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर नाराजगी जताई है। उन्होंने नगर निगम की कार्रवाई को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए नरेला विधानसभा के पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी मनोज शुक्ला की तारीफ की। नकुलनाथ ने कहा कि कांग्रेस का कार्यकर्ता न डरता है और न झुकता है। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में सत्ता परिवर्तन के बाद ऐसे सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका की निष्पक्ष समीक्षा होनी चाहिए।
पोस्टर हटाने की कार्रवाई पर नकुलनाथ ने जताई नाराजगी
नकुलनाथ ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि भोपाल में समर्थकों द्वारा लगाए गए पोस्टरों को नगर निगम कर्मचारियों द्वारा हटाया जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार शायद यह भूल गई है कि कांग्रेस का कार्यकर्ता न डरता है, न झुकता है और न ही जनता के मुद्दों पर अपनी आवाज उठाने से पीछे हटता है।
मनोज शुक्ला की तारीफ में कही ये बात
नकुलनाथ ने नरेला विधानसभा के पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी मनोज शुक्ला की भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि मनोज शुक्ला ने जिस बहादुरी, निडरता और दृढ़ता के साथ पूरे मामले में अपनी आवाज उठाई है, वह काबिल-ए-तारीफ है।उन्होंने कहा कि मनोज शुक्ला जैसे कर्मठ और जुझारू कार्यकर्ताओं की बदौलत ही कांग्रेस पार्टी जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाती है और सत्ता के दबाव में आए बिना अन्याय के खिलाफ संघर्ष करती है।
अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका की समीक्षा की मांग
अपने बयान में नकुलनाथ ने सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में सत्ता परिवर्तन के बाद उन अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका की निष्पक्ष समीक्षा होनी चाहिए, जो अपनी संवैधानिक और प्रशासनिक जिम्मेदारियों से आगे बढ़कर किसी राजनीतिक दल के कार्यकर्ता की तरह काम कर रहे हैं।नकुलनाथ ने दावा किया कि ऐसे अधिकारियों और कर्मचारियों की गतिविधियों से जुड़ी जानकारी भी संकलित करना शुरू कर दिया गया है।
बोले- सरकारी पद जनता की सेवा के लिए होता है
नकुलनाथ ने अपने पोस्ट में लोकतंत्र और संविधान का जिक्र करते हुए कहा कि सरकारी पद किसी राजनीतिक दल की सेवा के लिए नहीं, बल्कि जनता की सेवा के लिए होता है।उन्होंने कहा कि सत्ता स्थायी नहीं होती, लेकिन लोकतंत्र और संविधान सर्वोपरि हैं।