भोपाल| मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव भले ही अभी ढाई साल दूर हों, लेकिन कांग्रेस ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में नेता प्रतिपक्ष स्वयं प्रदेश में संगठनात्मक समीक्षा करेंगे। अगले महीने वे और संभाग का दौरा कर वहां कांग्रेस संगठन की परफॉर्मेंस का रिव्यू करेंगे।
संभाग स्तर पर फीडबैक, जिलों पर फोकस
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी संभाग स्तर पर बैठकें लेकर जिलों के प्रदर्शन की विस्तृत रिपोर्ट लेंगे। इसमें बूथ से लेकर जिला संगठन तक की गतिविधियों, सक्रियता और जनसंपर्क अभियानों की समीक्षा की जाएगी। कमजोर प्रदर्शन वाले जिलों को चिन्हित कर वहां संगठनात्मक बदलाव की भी संभावना है।
नियुक्तियों की क्रॉस-चेकिंग जारी
कांग्रेस ने जिले और ब्लॉक स्तर पर की गई हालिया नियुक्तियों की क्रॉस-चेकिंग प्रक्रिया भी तेज कर दी है। जिन पदाधिकारियों की रिपोर्ट संतोषजनक नहीं पाई जाएगी, उनके स्थान पर नए चेहरों को मौका दिया जा सकता है। पार्टी का जोर उन नेताओं और कार्यकर्ताओं पर है, जो लगातार मैदान में सक्रिय हैं और स्थानीय मुद्दों पर पकड़ रखते हैं।
चुनावी मोड में कांग्रेस
प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि समय रहते संगठन को दुरुस्त करने से आगामी चुनावों में पार्टी को बढ़त मिलेगी। राहुल गांधी की यह समीक्षा यात्रा इसी रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है, जिससे संगठन में जवाबदेही और अनुशासन दोनों मजबूत होंगे।