राजगढ़ जिले के पचोर शहर में सोमवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। यहां स्थित पेट्रोल पंप पर टैंकर से पेट्रोल-डीजल खाली करते समय अचानक भीषण आग लग गई। हादसे में 13 लोग झुलस गए, जिनमें से 5 की हालत गंभीर होने पर उन्हें राजगढ़ और शाजापुर रेफर किया गया है।
पेट्रोल पंप पर अचानक लगी आग
जानकारी के अनुसार, एक टैंकर करीब 20 हजार लीटर पेट्रोल-डीजल लेकर पंप पर पहुंचा था और देर रात ईंधन खाली करने का काम चल रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद लोगों द्वारा पेट्रोल-डीजल भरवाने का काम भी जारी था। तभी अचानक किसी कारण से आग भड़क उठी।
15 बाइकें और टैंकर जलकर खाक
आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पेट्रोल पंप, वहां खड़ी 15 मोटरसाइकिलें और टैंकर आग की चपेट में आ गए। आग लगते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
13 लोग झुलसे, 5 की हालत गंभीर
इस हादसे में कुल 13 लोग झुलस गए हैं। गंभीर रूप से घायल बलराम गुर्जर सहित 5 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद राजगढ़ और शाजापुर अस्पताल रेफर किया गया है। अन्य घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में जारी है।
45 मिनट बाद आग पर पाया गया काबू
घटना की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब 45 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फिलहाल प्रशासन द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।