साउथ और बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री तमन्ना भाटिया मंगलवार तड़के उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचीं। यहां उन्होंने बाबा महाकाल की भस्म आरती में भाग लेकर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया।
फिल्म एक्ट्रेस तमन्ना भाटिया महाकाल मंदिर पहुंचीं
तड़के करीब 3 बजे मंदिर पहुंचीं तमन्ना भाटिया नंदी हाल में बैठकर पूरी श्रद्धा के साथ भस्म आरती में शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने अपने मस्तक पर चंदन और त्रिपुण्ड लगाकर पूरी तरह भक्ति भाव में डूबी नजर आईं। आरती संपन्न होने के बाद अभिनेत्री ने नंदी जी का पूजन-अभिषेक किया और नंदी के कान में अपनी मनोकामना भी व्यक्त की।
अद्भुत ऊर्जा प्राप्त होती है
भस्म आरती के बाद तमन्ना भाटिया ने कहा कि उन्हें ऐसा महसूस हुआ जैसे भगवान ने स्वयं उन्हें बुलाया हो। उन्होंने कहा कि महाकाल की भस्म आरती का अनुभव शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता और यहां आकर अद्भुत ऊर्जा प्राप्त होती है।
मंदिर परिसर में अभिनेत्री की एक झलक पाने के लिए श्रद्धालुओं में उत्साह नजर आया। भस्म आरती के दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी विशेष रूप से बढ़ाई गई थी।