karnataka news: कांग्रेस नेता एच आंजनेय ने सीएम सिद्धारमैया की तुलना भगवान राम से की है। इसके साथ ही कांग्रेस नेता ने राम मंदिर को लेकर बीजेपी पर राजनीति करने का आरोप भी लगाया हैं। उन्होंन कहा कि, बीजेपी लोगों को धर्म के आधार पर बांटती है। वहीं कांग्रेस नेता के इस बयान पर भाजपा ने पलटवार करते हुए चेतावनी दी है कि, वह हिंदू देवी-देवताओं के बारे में सोच-समझकर बात करें।
कांग्रेस नेता ने सिद्धारमैया को बताया 'राम'
एच आंजनेय ने सीएम सिद्धारमैया के राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अयोध्या जाने के सवाल पर कहा कि, वह (सिद्धारमैया) हमारे राम हैं फिर वो क्यों प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल होने अयोध्या जाएंगे? कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि, वह (सिद्धारमैया) अपने पैतृक गांव में स्थित राम मंदिर के दर्शन करने जा सकते हैं।
हमारे राम तो हर जगह हैं - कांग्रेस नेता
कांग्रेस नेता एच आंजनेय ने कहा कि, उन्हें (सिद्धारमैया) क्यों जाना चाहिए? जिस प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा की जा रही है, वह भारतीय जनता पार्टी के राम हैं। सिर्फ भारतीय जनता पार्टी के लोगों को निमंत्रण दिए जा रहे हैं। उन्हें ये सब करने दीजिए, हमारे राम तो हर जगह हैं। वह हमारे दिलों में हैं।
कांग्रेस नेता के बयान पर बीजेपी का पलटवार
भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाते हुए कांग्रेस नेता एच आंजनेय ने कहा कि, भारतीय जनता पार्टी हमेशा से ही ऐसा करती है। वह ( बीजेपी ) धर्म के नाम पर लोगों को बांटती है और फिर एक विशेष समुदाय को भड़काकर उनके वोट पाती है। कांग्रेस नेता के इस बयान पर बीजेपी बासनगौड़ा पाटिल यतनाल ने चेतावनी देते हुए कहा कि, वह हिंदू देवी-देवताओं के बारे में सोच समझकर बोलें। यह हमारा दुर्भाग्य है कि, ऐसे बेवकूफ हिंदू विरोधी लोग हमारे मंत्री हैं।
Comments (0)