22 जनवरी 2024 को अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि में रामलाल की प्राण प्रतिष्ठा होनी है। जिसको लेकर तैयारियां की जा रही है। बाबा रामदेव और आचार्य बालकृष्ण को उद्घाटन समारोह में शामिल होने का निमंत्रण मिला है। वहीं बाबा रामदेव ने विपक्षी दलों को राम पर किसी भी तरह की अभद्र टिप्पणी न करने की सलाह दी है। रामदेव ने कहा कि, अगर कोई दल राम पर अभद्र टिप्पणी करता है तो जल्द ही उसे राजनैतिक मोक्ष' मिल जाएगा।
500 सालों के संघर्ष के बाद राम मंदिर मिला
योग गुरु बाबा रामदेव ने पत्रकारों के साथ चर्चा में कहा कि, अयोध्या में आधुनिक भारत का बहुत बड़ा कीर्तिमान और इतिहास का निर्माण हो रहा है। उन्होंने आगे कहा कि, 500 सालों के संघर्ष के बाद सुप्रीम कोर्ट का ऐतिहासिक निर्णय आया। जिसके बाद राम मंदिर का सपना अब पूरा हो रहा है। अब हमें अपनी आंखों के सामने दिव्य भव्य मंदिर का दर्शन करने का सौभाग्य मिलेगा।
राम पक्ष विपक्ष में निष्पक्ष हैं
रामदेव ने आगे कहा कि, राम पक्ष विपक्ष में निष्पक्ष हैं। राम सबके हैं। योग गुरु ने कहा कि, राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के लिए जिन्हें कार्ड मिला है वो जरुर आयें। जिन्हें कार्ड नहीं मिला है उनके लिए साल के 365 दिन मंदिर खुला है। बाबा रामदेव ने आगे पत्रकारों से बातचीत में कहा कि, राम केवल एक व्यक्ति नहीं, राम हमारी सनातन संस्कृति हैं, राम हमारे लिए राष्ट्र धर्म हैं, राम हमारे लिए हमारे स्वाभिमान हैं, राम हमारे पूर्वज भी हैं, राम हमारे लिए परात्मा ब्रह्म अवतारी सत्ता भी हैं।
विपक्ष को राम पर अभद्र टिप्पणियां करने से बचना चाहिए
विपक्षी दलों के सलाह देते हुए योग गुरु बाबा रामदेव ने कहा कि, विपक्ष के जो लोग राम मंदिर को लेकर बयानबाजी कर रहे हैं उन्हें इससे बचना चाहिए। राम पर किसी भी प्रकार की अभद्र टिप्पणियां करने से बचना चाहिए। बाबा ने आगे कहा कि, जो राम को गाली देंगे, जो भगवान राम को कोसेंगे, जो राम के बारे में अभद्र बातें करेंगे। राम की कृपा से जल्द ही उनको राजनीतिक मोक्ष मिल जाएगा।
Comments (0)