कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार को दावा किया कि यदि ''मोदी-शाह सरकार'' फिर से सत्ता में आयी, तो देश में लोकतंत्र खत्म हो जाएगा और उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर झूठ बोलने का भी आरोप लगाया। खरगे ने मध्य प्रदेश के सतना में एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर निशाना साधा और दावा किया कि वे संविधान को भी खत्म कर देंगे। उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा, ''वे बाबासाहेब भीम राव आंबेडकर द्वारा लिखे गए संविधान को खत्म कर देंगे।
खड़गे का आरोप- भाजपा का एकमात्र काम कांग्रेस और गांधी परिवार को गाली देना
खरगे ने आरोप लगाया कि भाजपा का एकमात्र काम कांग्रेस और गांधी परिवार को गाली देना और संविधान को तहस-नहस करना है। उन्होंने कहा, “मोदी कह रहे हैं कि डॉ. आंबेडकर भी संविधान नहीं बदल सकते। ये उनके शब्द हैं, मेरे नहीं... अगर यह सच है तो आपके सांसद और विधायक क्यों कहते हैं कि हमें दो-तिहाई बहुमत दीजिए, हम संविधान बदल देंगे... अनंत कुमार हेगड़े कहते हैं कि हम संविधान बदलने के लिए 400 सीट चाहते हैं। ये उनके शब्द हैं।''
पीएम मोदी ने संविधान बदलने को लेकर की थी कांग्रेस की आलोचना
खरगे की इस टिप्पणी से एक दिन पहले राहुल गांधी ने बिहार में एक चुनावी रैली के दौरान, केंद्र में सत्तारूढ़ दल भाजपा पर संविधान को "खत्म" करने की कोशिश करने का आरोप लगाया था। गांधी ने संकल्प लिया था विपक्षी ‘इंडिया' गठबंधन उसके इस "प्रयास को विफल" कर देगा। प्रधानमंत्री मोदी ने हाल के दिनों में कहा है कि वह संविधान का सम्मान करते हैं और कोई भी इसे बदल नहीं सकता है। चौदह अप्रैल को मध्य प्रदेश के होशंगाबाद जिले में एक चुनावी रैली में उन्होंने कांग्रेस की आलोचना करते हुए कहा था कि वह अफवाह फैला रही है कि संविधान और लोकतंत्र खतरे में है।
Comments (0)