लोजपा (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने कांग्रेस पर बड़ा आरोप लगाया है। आरक्षण को लेकर छिड़े घमासान पर चिराग पासवान ने कहा कि, ओबीसी और पिछड़ों के आरक्षण को छीनकर उसे धर्म के आधार पर देने का प्रावधान कांग्रेस और उनके सहयोगियों के द्वारा किया जा रहा है।
धर्म के आधार पर किसी को कोई आरक्षण नहीं दिया जा सकता है
पासवान ने आगे कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि, जिस संविधान का नाम लेकर ये लोग बार-बार लोगों को डराने की कोशिश कर रहे हैं और कह रहे हैं कि, संविधान को खत्म कर दिया जाएगा, दरअसल उसी संविधान में स्पष्ट तौर से यह बात कही गई है कि, धर्म के आधार पर किसी को कोई आरक्षण नहीं दिया जा सकता है।
देश के संसाधनों पर पहला अधिकार एक धर्म विशेष के लोगों का है
उन्होंने अपने बयान में आगे कहा कि, कर्नाटक जैसे राज्यों में जिस तरीके से ओबीसी का आरक्षण छीनकर धर्म के आधार पर दूसरे लोगों को दिया जा रहा है, ये कांग्रेस और उसके सहयोगियों की सोंच है। जिसमें वे धीरे-धीरे आरक्षण को खत्म कर किसी एक धर्म विशेष को आगे बढ़ाने का ये लोग सोच रखता है। पासवान ने आगे कहा कि, पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के बयान में भी उस वक्त स्पष्ट तौर पर कहा गया था कि, देश के संसाधनों पर पहला अधिकार एक धर्म विशेष के लोगों का है।
महागठबंधन में नेता आपसी कलह से जूझ रहे हैं
लोजपा (रामविलास) के अध्यक्ष ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि, महागठबंधन में नेता आपसी कलह से जूझ रहे हैं। वो आपस में एक-दूसरे पर हमला कर रहे हैं। आपस में एक-दूसरे से भिड़ रहे हैं, ऐसे में वो लोग जनता के हितों पर कैसे चर्चा कर सकते हैं। उन्होंने आगे कहा कि, सच्चाई तो यह है कि, इन लोगों को जनता के हितों से कोई सरोकार नहीं है। यह लोग सिर्फ और सिर्फ अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने के लिए जनता के हितों से खिलवाड़ कर रहे हैं।
Comments (0)