New Delhi: कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा की शुरुआत 14 जनवरी (Bharat Jodo Nyay Yatra) को मणिपुर के जिस ग्राउंड से होनी है, उसे मणिपुर सरकार ने मंजूरी नहीं दी है। आज (10 जनवरी) को राज्य के कांग्रेस चीफ केशम मेघचंद्रा ने CM एन बीरेन से मुलाकात की और उनसे इस यात्रा को इंफाल के पैलेस ग्राउंस से शुरू करने की अनुमति देने की गुजारिश की, लेकिन मुख्यमंत्री नहीं माने।
'सीएम को मनाने की कोशिश की'
केशम ने मीडिया को बताया कि उन्होंने सीएम को मनाने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं मना पाए। उन्होंने कहा कि मैंने मुख्यमंत्री को बताया कि हम इस यात्रा के दौरान कांग्रेस का झंडा नहीं फहराएंगे, न ही ये यात्रा राजनीतिक होगी। इसके बावजूद CM का इनकार करना दुर्भाग्यपूर्ण है। अब हम इस यात्रा को थोउबल जिले में प्राइवेट प्रॉपर्टी से शुरू करने पर विचार कर रहे हैं।
सीएम बीरेन सिंह ने कही थी ये बात
इससे पहले, CM बीरेन सिंह ने मंगलवार (9 जनवरी) को कहा था कि कांग्रेस (Bharat Jodo Nyay Yatra) की भारत जोड़ो न्याय यात्रा को अनुमति देने पर सक्रियता से विचार चल रहा है। सुरक्षा एजेंसियों से रिपोर्ट मिलने के बाद इस पर फैसला लिया जाएगा। तब वेणुगोपाल ने कहा था कि ये राजनीतिक यात्रा नहीं है, इसलिए सरकार को इसका राजनीतिकरण नहीं करना चाहिए। यात्रा का मकसद अशांत मणिपुर के लोगों के घावों को भरना और नफरत खत्म करके प्रेम का संदेश फैलाना है। दिल्ली में कांग्रेस के जनरल सेक्रेटरी जयराम रमेश और केसी वेणुगोपाल ने इस यात्रा का रोड मैप और पैम्फलेट जारी किया।
14 जनवरी से होगी भारत जोड़ो न्याय यात्रा की शुरूआत
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी 14 जनवरी से भारत जोड़ो न्याय यात्रा शुरू करेंगे। यह यात्रा मणिपुर से शुरू होकर 20 मार्च को मुंबई में खत्म होगी। लोकसभा चुनाव से करीब 4 महीने पहले होने वाली यह यात्रा 14 राज्य और 85 जिलों को कवर करेगी। इस दौरान राहुल पैदल और बस से 6 हजार 200 किलोमीटर से ज्यादा की दूरी तय करेंगे। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल और जयराम रमेश ने 27 दिसंबर को पार्टी हेडक्वार्टर में मीडिया को भारत न्याय यात्रा की जानकारी दी थी। पार्टी नेताओं ने बताया कि कांग्रेस भारत जोड़ो यात्रा के बाद भारत न्याय यात्रा करेगी।
मणिपुर से शुरू होकर महाराष्ट्र तक जाएगी
यह मणिपुर से शुरू होकर नगालैंड, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान और गुजरात से होते हुए महाराष्ट्र में समाप्त होगी।
मल्लिकार्जुन खड़गे दिखाएंगे यात्रा को हरी झंडी
वेणुगोपाल ने कहा था कि पार्टी अध्यक्ष खड़गे इस यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे। भारत जोड़ो न्याय यात्रा का मकसद आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक न्याय है। इस यात्रा में राहुल युवाओं, महिलाओं और हाशिए पर पड़े लोगों से मुलाकात करेंगे। बस यात्रा से ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचा जाएगा। यात्रा में कुछ छोटे हिस्से को रुक-रुककर पैदल भी कवर किया जाएगा।
145 दिनों की भारत जोड़ो यात्रा कर चुके हैं राहुल
इससे पहले राहुल गांधी ने 7 सितंबर 2022 से 30 जनवरी 2023 तक भारत जोड़ो यात्रा की थी। 145 दिनों की यात्रा तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू होकर जम्मू-कश्मीर में खत्म हुई थी। तब राहुल ने 3570 किलोमीटर की यात्रा में 12 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों को कवर किया था। श्रीनगर में यात्रा के समापन के मौके पर शेर-ए-कश्मीर क्रिकेट स्टेडियम में राहुल ने कहा था- मैंने यह यात्रा अपने लिए या कांग्रेस के लिए नहीं बल्कि देश की जनता के लिए की है। हमारा उद्देश्य उस विचारधारा के खिलाफ खड़ा होना है जो इस देश की नींव को नष्ट करना चाहती है। यात्रा के दौरान राहुल ने 12 सभाओं को संबोधित किया था, 100 से ज्यादा बैठकें और 13 प्रेस कॉन्फ्रेंस की थीं। उन्होंने चलते हुए 275 से ज्यादा चर्चाओं में हिस्सा लिया, जबकि कहीं रुककर 100 के करीब चर्चाएं कीं
इस यात्रा में कैसा रहेगा राहुल गांधी का लुक
राहुल के इस सफर में सियासत से ज्यादा उनका लुक चर्चा (Bharat Jodo Nyay Yatra) में रहा है। कन्याकुमारी में 7 सिंतबर को यात्रा की शुरुआत के समय राहुल के चेहरे पर हल्की दाढ़ी थी, लेकिन करीब पांच महीने बाद उनकी शक्ल पूरी तरह बदल चुकी थी। चेहरे पर घनी दाढ़ी थी, तो सिर के बाल भी बढ़े हुए थे। इधर, राहुल की सफेद टी-शर्ट भी चर्चा में रही, जिसे पहनकर वे कड़ाके की सर्दी में भी चलते नजर आए।
Comments (0)