लोकसभा चुनाव से पहले देश में सियासी हलचल तेज होती जा रही है। ताजा खबर यह है कि आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी की बहन वायएस शर्मिला गुरुवार को कांग्रेस में शामिल हो गईं। दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी की मौजूदगी में उन्होंने पार्टी की सदस्यता ली। अब उनकी पार्टी YSRTP का कांग्रेस में विलय कर दिया जाएगा।
मिल सकता है बड़ा पद
YS शर्मिला अविभाजित आंध्रप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत वाई एस राजशेखर रेड्डी की बेटी हैं और आंध्रप्रदेश के वर्तमान मुख्यमंत्री वाई एस जगन मोहन रेड्डी की छोटी बहन हैं। उन्होंने साल 2021 में वाईएसआर तेलंगाना पार्टी स्थापना की थी। माना जा रहा है कि YSTRP के कांग्रेस में विलय के बाद उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस में कोई बड़ा पद दिया जा सकता है।
चुनाव में कांग्रेस को दिया था समर्थन
वाईएसआर तेलंगाना पार्टी की संस्थापक वाई एस शर्मिला ने हाल ही में हुए तेलंगाना विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को अपना समर्थन देने की घोषणा की थी। उन्होंने चंद्रशेखर राव के नेतृत्व वाले भारत राष्ट्र समिति (BRS) के कथित भ्रष्ट और जनविरोधी शासन को समाप्त करने के लिए कांग्रेस को समर्थन देने की बात कही थी। बता दें कि विधानसभा चुनाव बहुमत के साथ जीत हासिल की है।
क्या असर डालेंगी शर्मिला?
शर्मिला राजनीतिक परिवार से हैं और आंध्र व तेलंगाना की राजनीति का जाना-माना चेहरा हैं। उनके पिता वाई एस राजशेखर रेड्डी अविभाजित आंध्र प्रदेश के सबसे बड़े नेताओं में शामिल थे। ऐसा माना जाता है कि तेलंगाना में पिता के समर्थकों के वोट को वह कांग्रेस की तरफ शिफ्ट करने में मददगार साबित हो सकती हैं। इसके साथ ही कांग्रेस को आंध्र प्रदेश में होने वाले आगामी लोकसभा, विधानसभा चुनाव में भी मदद मिलने की उम्मीद है।
Comments (0)