समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने पहले चरण के मतदान को भारतीय जनता पार्टी के लिए पहला फ्लॉप शो बताया है। पूर्व सीएम ने कहा कि, पश्चिम की हवा ने बीजेपी का सफाया कर दिया है। बता दें कि, लोकसभा चुनाव के पहले चरण में उत्तर प्रदेश की आठ सीट सहारनपुर, बिजनौर, कैराना, मुजफ्फरनगर, नगीना (आरक्षित), मुरादाबाद, रामपुर और पीलीभीत में शुक्रवार को मतदान हुआ। इसमें अधिकांश सीट पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आती हैं।
PDA ही NDA को हराएगा
अखिलेश यादव ने पीएम मोदी के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि, न ही इनकी कहानी किसी को पसंद आ रही है और ना ही इनके डायलॉग किसी को पसंद आ रहे हैं। सपा प्रमुख ने आगे बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा कि, पहला ही 'शो' (पहले चरण का चुनाव) फ्लॉप हो गया है, खिड़की पर कोई टिकट लेने भी नहीं जा रहा है। वहीं अखिलेश यादव ने आगे कहा कि, पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) परिवार ही बीजेपी का सफाया कर रहा है, PDA ही NDA को हराएगा। इसके अलावा सपा प्रमुख ने आरोप लगाया है कि, भाजपा का झूठ और लूट जनता के सामने उजागर हो गया है। पिछले 10 साल में इतना झूठ किसी ने नहीं बोला है। बीजेपी सबसे झूठी पार्टी है
भाजपा ने सभी से विश्वासघात किया
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने अपने संबोधन में आगे कहा कि, किसानों, नौजवानों, व्यापारियों सभी से झूठ बोला। भारतीय जनता पार्टी ने सभी से विश्वासघात किया है। गाजियाबाद से गाजीपुर तक जनता बीजेपी का सफाया करेगी। यूपी के पूर्व सीएम ने कहा कि, इंडिया गठबंधन जनता की इच्छा पर बना है। जनता चाहती थी गठबंधन बने। गठबंधन में कांग्रेस, आम आदमी पार्टी सभी हैं। यादव ने कहा कि, भाजपा की सरकार जानी तय है। उन्होंने दावा किया कि, बीजेपी सरकार ने चुनावी बॉण्ड के नाम पर भारी भ्रष्टाचार किया, पूरे देश में लूट मचाई है। चुनावी बॉण्ड की चोरी जबसे पकड़ी गयी है, भाजपा के लोग घबरा गये हैं। चुनावी बॉण्ड का नाम सुनते ही भाजपा के कई नेताओं को बेहोशी छा जाती है। वे इलेक्ट्रॉल पाउडर की मांग करने लगते हैं।
Comments (0)