देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इंडिया गठबंधन की होने वाली बैठक पर बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव का बड़ा बयान सामने आया है। राष्ट्रीय जनता दल के दिग्गज नेता तेजस्वी यादव ने कहा है कि, विपक्ष की इस बैठक में सभी चीजों पर बात होगी। कमेटी का काम कमेटी देख रही है।
ज्यादातर क्षेत्रीय पार्टियां इंडिया गठबंधन के साथ हैं
राष्ट्रीय जनता दल नेता व बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने कहा कि, चुनाव को लेकर जो तैयारियां होनी चाहिए, वो हम कर रहे हैं। इंडिया गठबंधन एक है, जिसकी जो जिम्मेदारी बनेगी उसे हम निभाएंगे। बीजेपी पर हमला बोलते हुए यादव ने आगे कहा कि, ज्यादातर क्षेत्रीय पार्टियां इंडिया गठबंधन के साथ हैं। सब का मकसद एक ही है कि, सत्ता परस्त शक्तियों को सत्ता से बेदखल करना है।
इंडिया गठबंधन बना है तो सभी दल एक ही है
बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि, इंडिया गठबंधन बना है तो सभी दल एक ही है। हम लोग मजबूती के साथ जो भी जिम्मेदारी मिलेगी, हमलोग उसे निभाएंगे। क्षेत्रीय पार्टी अपने क्षेत्र में मजबूत है। राष्ट्रीय जनता दल नेता ने कहा कि, जहां भी क्षेत्रीय पार्टी मजबूत है, वहां बीजेपी है ही नहीं।
सबकी भूमिका और मकसद एक ही है
वहीं इंडिया गठबंधन में बिहार के सीएम नीतीश कुमार की भूमिका के सवाल पर डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने कहा कि, सबकी भूमिका और मकसद एक ही है। फिरकापरस्त शक्तियों को सत्ता से बेदखल करेंगे। उन्होंने आगे बीजेपी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि, जिन लोगों ने महंगाई, बेरोजगारी, गरीबी, किसान और मजदूरों पर लाठी चलाने का काम किया है, इन सबको सत्ता से बाहर करेंगे।
Comments (0)