बीजेपी की मंडी संसदीय क्षेत्र से लोकसभा प्रत्याशी कंगना रनौत ने फिर कांग्रेस पर जुबानी हमला बोला है। उन्होंने कहा कि, कांग्रेस परिवारवाद को बढ़ावा देने वाली पार्टी है। सिर्फ नेताओं के बेटे और बेटियों को राजनीति में आगे लाने के लिए मौका दिया जाता है, जबकि दूसरी तरफ भाजपा है, जहां साधारण से कार्यकर्ता को भी टिकट मिलते हैं और उनके काम के आधार पर आगे बढ़ने का अवसर दिया जाता है।
कांग्रेस आज कुनीति और कुबुद्धि का शिकार हो गई है
कंगना रनौत ने आगे अपने संबोधन में कहा कि, अब पीएम मोदी ने तो महिलाओं को भी 33 प्रतिशत आरक्षण विधानसभा और लोकसभा में कर दिया है। इससे अब महिलाएं भी बड़ी संख्या में आगे आएंगी। बीजेपी उम्मीदवार ने आगे कहा कि, एक तरफ भाजपा शीर्ष नेताओं की ऐसी अच्छी सोच है, वहीं कांग्रेस आज कुनीति और कुबुद्धि का शिकार हो गई है। इनके नेता आज सेना पर सवाल, महिलाओं का अपमान और हमारे आदर्श भगवान राम को भी काल्पनिक बताते हैं।
2014 के बाद आज तक देश ने घोटाला नहीं हुआ
रनौत ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि, ये वही पार्टी है जिसके राज में कोयला, टूजी, फोरजी, चारा घोटाले हुए। जबकि 2014 के बाद आज तक देश ने किसी घोटाले का नाम तक नहीं सुना। यही है मोदी की गारंटी, जहां सबका साथ सबका विकास हो रहा है। दूसरी तरफ कांग्रेस पार्टी है जिसका पेट कोई भी नहीं भर सकता। मंडी से बीजेपी प्रत्याशी ने कहा कि, कांग्रेस ने झूठी गारंटियों के सहारे सरकार तो बना ली लेकिन अब क्या हाल बने हैं, आप सब देख रहे हैं।
अब जब फिर चुनाव आ गए तो...
उन्होंने कहा कि, महिलाओं के वोट लेने के लिए 1500 देने की गारंटी दी और अब जब फिर चुनाव आ गए तो पेपर भरने के लिए बोल रहे हैं। ये सब सिर्फ वोट हासिल करने की कुनीति है। मंडी से बीजेपी प्रत्याशी ने आगे कहा कि, सीएम कहते हैं कि, हमने 97 प्रतिशत हिंदू विचारधारा को हिमाचल में हराया है। इससे बड़ी शर्म की बात क्या हो सकती है। दूसरी तरफ मां भारती का एक सपूत है जो विदेशों में भी मुसलमान देश में हिंदू मंदिर जाकर सनातन का झंडा बुलंद कर रहा है।
Comments (0)