पीएम मोदी ने कांग्रेस के सीनियर नेता सैम पित्रोदा के बयान पर तीखा पलटवार किया है।पीएम ने कहा कि, आप जो अपनी मेहनत से संपत्ति जुटाते हैं, वो आपके बच्चों को नहीं मिलेगी। कांग्रेस का पंजा वो भी आपसे लूट लेगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि, कांग्रेस का मंत्र है- कांग्रेस की लूट जिंदगी के साथ भी और जिंदगी के बाद भी।
कांग्रेस आप पर विरासत कर का बोझ लाद देगी
छत्तीसगढ़ के सरगुजा में अपनी जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि, आपके जीवित रहने तक कांग्रेस आपको ज्यादा टैक्स से मारेगी और जब जीवित नहीं रहेंगे तो आप पर विरासत कर का बोझ लाद देगी। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि, पूरी कांग्रेस को अपनी पैतृक संपत्ति मानकर जिन लोगों ने अपने बच्चों को दे दी, अब वो नहीं चाहते कि, भारतीय अपनी संपत्ति अपने बच्चों को दें।
राहुल गांधी पर पीएम मोदी का तंज
कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व केरल के वायनाड से लोकसभा उम्मीदवार राहुल गांधी का नाम लिए बिना पीएम मोदी ने कहा कि, शाही परिवार के शहजादे के सलाहकार ने कुछ समय पहले कहा था कि, मिडिल क्लास पर और ज्यादा टैक्स लगाना चाहिए। अब ये लोग इससे भी एक कदम और आगे बढ़ गए हैं। अब कांग्रेस का कहना है कि, वो विरासत कर लगाएगी. माता-पिता से मिलने वाली विरासत पर भी टैक्स लगाएगी।
कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा ने क्या कहा है?
कांग्रेस पार्टी के सीनियर नेता सैम पित्रोदा ने विरासत टैक्स का जिक्र करते हुए कहा था कि, अमेरिका में 55 फीसदी विरासत टैक्स लगता है। सरकार 55 फीसदी हिस्सा ले लेती है। पित्रोदा ने कहा था कि, संपत्ति जनता के लिए छोड़नी चाहिए। किसी व्यक्ति के पास 100 मिलियन डॉलर की संपत्ति है तो उसके मरने के बाद 45 फीसदी संपत्ति उसके बच्चों को और 55 फीसदी पर सरकार का अधिकार होता है। इसके साथ ही कांग्रेस नेता ने कहा था कि, भारत में ऐसा कानून को लेकर चर्चा करनी चाहिए।
Comments (0)