देश में लोकतंत्र का सबसे बड़ा महापर्व लोकसभा चुनाव चल रहा है। दो चरणों की वोटिंग संपन्न हो गई है। अब राजनीतिक दलों का फोकस तीसरे चरण पर है। इस बीच कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने बुधवार को असम में एक चुनाव रैली के दौरान भारतीय जनता पार्टी पर बड़ा हमला किया।
प्रियंका गांधी ने बीजेपी पर लगाया ये बड़ा आरोप
प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि, बीजेपी ने केवल 10 वर्षों में विश्व की सबसे अमीर पार्टी बनने का दर्जा हासिल किया है, जबकि कांग्रेस ने 70 सालों में इतनी संपत्ति नहीं जुटाई। कांग्रेस नेत्री ने आगे बीजेपी की इलेक्टोरल बॉन्ड्स को लेकर आलोचना की और दावा किया है कि, पीएम मोदी आम लोगों की समस्याओं से दूर हैं और उनके अहंकार के कारण उनकी वास्तविक समस्याओं से कोई जुड़ाव नहीं है।
असम सरमा के अधीन "माफिया राज" का सामना कर रहा है
इस दौरान कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी ने यह भी आरोप लगाया है कि, असम सीएम हिमंता बिस्वा सरमा के अधीन "माफिया राज" का सामना कर रहा है, और उन पर कई घोटालों में शामिल होने का आरोप लगाया। इसके अलावा प्रियंका गांधी ने दावा किया कि, सीएम सरमा का बदरुद्दीन अजमल के AIUDF के साथ एक "गुप्त समझौता" है, जो कांग्रेस को हराने के लिए बनाया गया है, जैसा कि, तेलंगाना में बीजेपी का असदुद्दीन ओवैसी के साथ है।
पीएम मोदी ने प्रज्वल रेवन्ना के लिए प्रचार किया
अपने संबोधन में प्रियंका गांधी ने कर्नाटक सांसद प्रज्वल रेवन्ना के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोपों पर भी भारतीय जनता पार्टी को निशाना पर लिया है। कांग्रेस नेत्री ने यह उल्लेख करते हुए कि, पीएम मोदी ने उनके लिए प्रचार किया और फिर उन्हें देश छोड़ने से नहीं रोका। प्रियंका ने असम में बढ़ती बेरोजगारी को एक प्रमुख मुद्दा बताया और मुख्यमंत्री सरमा और उनके मंत्रियों पर केवल अपने स्वयं के हितों पर ध्यान देने का आरोप लगा डाला।
Comments (0)