BJP सांसद निशिकांत दुबे ने एक बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा है कि, झारखंड में मुख्यमंत्री बदलने जा रहा है। सोशल मीडिया साइट ‘X’ पर एक पोस्ट करते हुए बीजेपी नेता ने लिखा है कि, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इस्तीफा देंगे और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन राज्य की अगली सीएम बनेंगी। दुबे ने अपने दावे के पीछे का कारण साफ करते हुए कहा कि, गांडेय से झारखंड मुक्ति मोर्चा के विधायक सरफराज अहमद ने अचानक विधानसभा से इस्तीफा दे दिया है और उनका इस्तीफा स्वीकार भी हो गया है।
झारखंड की अगली मुख्यमंत्री कल्पना सोरेन होंगी
बीजेपी सांसद का इशारा इस तरफ है कि, झारखंड मुक्ति मोर्चा के विधायक सरफराज अहमद के इस्तीफे के बाद कल्पना सोरेन का गांडेय से विधानसभा चुनाव जीतने का रास्ता साफ हो गया है। आपको बता दें कि, यदि कल्पना सोरेन मुख्यमंत्री बनती हैं तो 6 महीने के अंदर उन्हें विधानसभा का सदस्य भी होना होगा। भारतीय जनता पार्टी के सीनियर नेता निशिकांत दुबे ने सोशल साइट ‘X’ पर पोस्ट कर लिखा है कि, झारखंड के गांडेय विधायक सरफराज अहमद ने विधानसभा से इस्तीफ़ा दिया, इस्तीफ़ा स्वीकार हुआ। हेमंत सोरेन जी मुख्यमंत्री पद से इस्तीफ़ा देंगे, झारखंड की अगली मुख्यमंत्री उनकी पत्नी कल्पना सोरेन जी होंगी। नया साल सोरेन परिवार के लिए कष्टदायक।
सोरेन पर ED का शिकंजा कसता ही जा रहा है
दरअसल, झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन पर ED का शिकंजा कसता ही जा रहा है। आपको बता दें कि, बीते शनिवार को ही ED ने कथित भूमि घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में पूछताछ के लिए हेमंत सोरेन को एक पत्र-सह-समन जारी किया था। मिली जानकारी के अनुसार, केंद्रीय एजेंसी ने सीएम सोरेन से कहा था कि, वह इस मामले में जांच अधिकारी को अपनी सुविधानुसार तारीख, स्थान आदि के बारे में सूचित करें ताकि PMLA के तहत उनका बयान दर्ज किया जा सके।
Comments (0)