लोकसभा चुनाव 2024 का दूसरा चरण कल यानी की शुक्रवार को सफल्तापूर्वक सम्पन्न हो गया है, मगर नेताओं के बीच जुबानी तीर कम नहीं हुए। इसी क्रम में आज यानी की शनिवार को यूपी के हाथरस में सीएम योगी ने चुनावी जनसभा को संबोधित किया। यहां सीएम योगी ने विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा।
कांग्रेस, सपा, बसपा ने कोई काम नहीं किया है
उत्तर प्रदेश के मुखिया योगी ने अपने संबोधन में विपक्ष पर प्रहार करते हुए कहा कि, कांग्रेस, सपा, बसपा ने कोई काम नहीं किया है। सीएम योगी ने आगे कहा कि, बीजेपी सरकार ने 7 साल में यूपी की तस्वीर बदल दी है, 5 लाख का इलाज फ्री कराया जा रहा है। गरीबों का हक सपा, बसपा के लोग खा जाते थे। गरीब, किसान आत्महत्या करने को मजबूर था। उन्होंने आगे कहा कि, आज किसानों को सम्मान निधि दे रहे है। देशभर में IIM, IIT, एम्स का निर्माण हो रहा है।
फिर एक बार मोदी सरकार आएगी
हाथरस में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि, बीजेपी सरकार के द्वारा गरीब कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रहीं है। गरीबों को आवास, शौचालय, फ्री राशन दिया है। देश की जनता वोट देने के लिए उत्साहित है। उन्होंने आगे कहा कि, 10 साल में मोदी जी ने बहुत काम किया है। दुनिया के अंदर भारत का सम्मान बढ़ा है। सीएम ने कहा कि, 2 चरणों का मतदान पूरा हो चुका है। रुझान बता रहे हैं, फिर एक बार मोदी सरकार आएगी।